BILASPUR NEWS. अवैध ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। प्रहार अभियान के तहत सिविल लाइन थाना पुलिस और एसीसीयू (सायबर सेल) की संयुक्त टीम ने इस नेटवर्क से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी राजेश उर्फ राजा बजाज को रायपुर से दबोचा गया।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में चल रही इस कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से करीब ₹45 लाख की संपत्ति जब्त की गई है। जब्ती में महंगे मोबाइल फोन, लैपटॉप, बैंक दस्तावेज, तीन चारपहिया वाहन, दोपहिया वाहन और ₹6.90 लाख नकद शामिल हैं।
ऑनलाइन गेमिंग के जरिए चलता था सट्टा
जांच में सामने आया कि आरोपी रिक्की पैनल के माध्यम से Aviator, Wingo, Casino, Horse Riding जैसे ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म पर सट्टा खिलाते थे। इस नेटवर्क के जरिए देशभर के ग्राहकों को जोड़ा जाता था और लाखों रुपये का लेन-देन किया जाता था।

टेलीग्राम-व्हाट्सएप से पैन इंडिया नेटवर्क
आरोपी टेलीग्राम और व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों को लिंक भेजकर सट्टा खेलने के लिए प्रेरित करते थे। मुनाफे का 65% हिस्सा हेड ऑफिस को और 35% ब्रांच को मिलता था। लेन-देन के लिए फर्जी सिम कार्ड और बैंक खातों का इस्तेमाल किया जाता था।

पहले भी पकड़ा गया था साथी
इस मामले में पहले 21 दिसंबर 2025 को आरोपी मनोज पोपटानी को गिरफ्तार किया गया था। उसी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपियों तक पहुंच बनाई। आरोपी लगातार ठिकाने और मोबाइल बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे।

आरोपियों की पहचान
राजेश उर्फ राजा बजाज (34) – निवासी मोपका, बिलासपुर, प्रदीप खत्री (34) – निवासी मंगला, बिलासपुर, राजेश बजाज पर पहले से ₹5000 का इनाम घोषित था।
पुलिस अब आरोपियों द्वारा अवैध कमाई से अर्जित चल-अचल संपत्तियों की जांच कर रही है। बैंक खातों में लाखों रुपये के ट्रांजेक्शन मिले हैं, जिनकी विस्तृत जांच जारी है। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस आगे की पूछताछ के लिए रिमांड लेने की तैयारी कर रही है।



































