PATNA NEWS. बिहार की राजनीति में रविवार को एक बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने औपचारिक रूप से जनता दल यूनाइटेड (JDU) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। पटना स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान उन्होंने राजनीति में अपने पहले कदम की घोषणा की।

पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने निशांत कुमार को जदयू की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता ललन सिंह ने निशांत को पार्टी का गमछा पहनाकर उनका स्वागत किया। सदस्यता लेने के बाद निशांत ने ललन सिंह और संजय झा के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। दिलचस्प बात यह रही कि इस पूरे कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं मौजूद नहीं थे।

पिताजी के 20 साल के काम को आगे ले जाना मेरा लक्ष्य
राजनीति में कदम रखते ही निशांत कुमार ने अपने इरादे स्पष्ट कर दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा मैं पार्टी के लिए पूरी मेहनत से काम करूंगा। मेरे पिताजी ने पिछले 20 साल में जो विकास कार्य किए हैं, मैं उन्हें आगे ले जाऊंगा। जहां तक राज्यसभा जाने का सवाल है, वह फैसला मेरे पिताजी का होगा।
निशांत ने जनता से अपील करते हुए कहा कि वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर अपना विश्वास बनाए रखें।

भव्य स्वागत: हाथी, घोड़े और ऊंट के साथ पहुंचे समर्थक
निशांत कुमार के जदयू कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। समर्थकों ने फूलों की बारिश कर उनका स्वागत किया। स्वागत समारोह में कार्यकर्ता हाथी, घोड़े और ऊंट लेकर पहुंचे थे। बाहुबली अनंत सिंह के समर्थक भी भारी संख्या में मोकामा से पटना पहुंचे। इस दौरान ‘नीतीश कुमार जिंदाबाद’ और ‘बिहार का सीएम कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो’ के नारे भी लगे।

नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा 10 मार्च से
निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री के साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी सक्रिय होने जा रहे हैं। वे 10 मार्च से 14 मार्च तक अपनी समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण की शुरुआत करेंगे। इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री सुपौल, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, खगड़िया, बेगूसराय और शेखपुरा जैसे जिलों का दौरा करेंगे।





































