KATHMANDU NEWS. नेपाल के आम चुनावों में इस बार बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। काठमांडू के पूर्व मेयर और मशहूर रैपर बालेन शाह ने नेपाल की राजनीति के दिग्गज और पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को भारी अंतर से हरा दिया है। झापा-5 सीट पर हुए इस मुकाबले में बालेन शाह ने ओली को लगभग 50,000 वोटों से शिकस्त देकर सबको चौंका दिया है।

कभी केपी शर्मा ओली का अभेद्य किला मानी जाने वाली झापा-5 सीट पर बालेन शाह को 68,348 वोट मिले, जबकि ओली को महज 18,734 वोटों पर ही संतोष करना पड़ा। बता दें कि ओली को उनकी भारत विरोधी नीतियों और बयानों के लिए जाना जाता रहा है। उन्होंने 2017 और 2022 के चुनावों में इसी सीट से जीत हासिल की थी, लेकिन इस बार बालेन शाह की लोकप्रियता के आगे वह टिक नहीं सके।

4 साल पुरानी पार्टी का ऐतिहासिक प्रदर्शन
सिर्फ 4 साल पहले पत्रकार रवि लामिछाने द्वारा गठित ‘राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी’ (RSP) नेपाल की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बनकर उभरी है। ताजा रुझानों और नतीजों के मुताबिक, RSP ने अब तक 62 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है और 60 अन्य सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। बालेन शाह, जो दिसंबर 2025 में इस पार्टी में शामिल हुए थे, अब नेपाल के प्रधानमंत्री पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं।

मिश्रित चुनाव प्रणाली से तय हुआ फैसला
नेपाल में चुनाव की व्यवस्था मिश्रित प्रणाली पर आधारित है। कुल 275 सीटों में से 165 सीटें: प्रत्यक्ष चुनाव (फर्स्ट पास्ट द पोस्ट) के जरिए चुनी जाती हैं। 110 सीटें: पार्टियों को मिले कुल वोट प्रतिशत (प्रोपोर्शनल रिप्रेजेंटेशन) के आधार पर दी जाती हैं।
इस प्रणाली का उद्देश्य छोटे दलों और विभिन्न सामाजिक समूहों को संसद में प्रतिनिधित्व देना है, ताकि किसी एक पार्टी का पूर्ण एकाधिकार न रहे।

कौन हैं बालेन शाह?
काठमांडू के नारादेवी में जन्मे बालेन शाह एक मधेशी परिवार से ताल्लुक रखते हैं। वह एक पेशेवर इंजीनियर होने के साथ-साथ एक प्रसिद्ध रैपर और संगीत निर्माता भी हैं। 2015 के विनाशकारी भूकंप के दौरान राहत कार्यों में उनकी सक्रियता ने उन्हें जनता के बीच लोकप्रिय बनाया। 2022 में उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर काठमांडू के मेयर का चुनाव जीता था और अब देश की मुख्यधारा की राजनीति में बड़ा बदलाव लेकर आए हैं।

9 मार्च तक पूरी होगी गिनती नेपाल चुनाव आयोग के अनुसार, 5 मार्च को हुए मतदान में लगभग 58% वोटिंग हुई थी। वोटों की गिनती अभी जारी है और उम्मीद जताई जा रही है कि 9 मार्च तक अंतिम नतीजे स्पष्ट हो जाएंगे।



































