KOLKATA NEWS. विधानसभा चुनाव के बीच देश की सियासत में बयानबाजी तेज होती जा रही है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें सबसे बड़ा घुसपैठिया करार दिया। वहीं केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने भी केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।

कोलकाता के रेड रोड पर ईद की नमाज के बाद आयोजित कार्यक्रम में ममता बनर्जी ने कहा कि प्रधानमंत्री विदेशों में जाकर वैश्विक नेताओं से मेल-जोल बढ़ाते हैं, लेकिन देश लौटते ही समाज को हिंदू-मुस्लिम के आधार पर बांटने की राजनीति करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लगातार ‘घुसपैठिया’ का मुद्दा उठाकर लोगों को गुमराह कर रही है।

‘सबसे बड़े घुसपैठिए’ वाला बयान
ममता ने अपने संबोधन में कहा, “आप लोगों को घुसपैठिया कहते हैं, लेकिन असल में आप खुद सबसे बड़े घुसपैठिए हैं।” उनके इस बयान से राजनीतिक माहौल और गरमा गया है।

केंद्र पर संघीय ढांचे को कमजोर करने का आरोप
टीएमसी सुप्रीमो ने केंद्र सरकार पर राज्य के अधिकारों में दखल देने का आरोप लगाते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में ‘अनऑफिशियल प्रेसिडेंट रूल’ यानी अघोषित राष्ट्रपति शासन लागू करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और संघीय ढांचे को कमजोर किया जा रहा है।

‘डरने वाली नहीं’—ममता
ममता बनर्जी ने साफ कहा कि वे बंगाल को निशाना बनाने वालों और समाज में विभाजन फैलाने वाली राजनीति से डरने वाली नहीं हैं। उन्होंने जनता से एकजुट रहने की अपील की।




































