AMBIKAPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में संजय पार्क में 15 हिरणों की मौत के मामले में मीडिया की खबर का बड़ा असर देखने को मिला है। मामले को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए चार अधिकारी-कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है, जबकि एक अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

जानकारी के अनुसार, डिप्टी रेंजर अशोक कुमार सिन्हा और वनपाल ममता पोर्ते को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। इसके साथ ही वनपाल प्रतिमा लकड़ा और बीट गार्ड फुलमनी सिंह पर भी निलंबन की कार्रवाई की गई है। वहीं, रेंजर अक्षपलक ऋषि को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।


बताया जा रहा है कि संजय पार्क में 15 हिरणों की मौत के मामले को मीडिया ने प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद विभाग हरकत में आया और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई मुख्य वन संरक्षक के निर्देश पर की गई है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही के संकेत मिलने के बाद यह कदम उठाया गया है।

फिलहाल, वन विभाग द्वारा पूरे मामले की विस्तृत विभागीय जांच जारी है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों और जिम्मेदारियों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।



































