GAURELA PENDRA MARWAHI NEWS. जिले में सस्ते दाम पर सोना दिलाने के नाम पर एक ग्रामीण से 10 लाख रुपये की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पीड़ित को विश्वास में लेने के लिए पहले असली सोने का टुकड़ा दिखाया और बाद में उसे नकली सोने के बिस्किट थमा दिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर 4 आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार, ग्राम तिलकपुर निवासी उमेंद साहू को उसके परिचित नरेंद्र साहू और उसकी पत्नी सरोज साहू ने झांसा दिया कि उन्हें खुदाई के दौरान सोने के बिस्किट मिले हैं। पीड़ित को भरोसा दिलाने के लिए आरोपियों ने उसे सोने का एक छोटा टुकड़ा जांच के लिए दिया, जो असली पाया गया। इसके बाद 15 लाख रुपये में 1 किलो सोना देने का सौदा तय हुआ।

10 लाख लेकर थमा दिए नकली बिस्किट
5 दिसंबर 2025 को उमेंद साहू अपने भाई के साथ 10 लाख रुपये नकद लेकर कारीआम नाला के पास पहुंचे। वहां नरेंद्र साहू, सरोज साहू और मनोज साकत मौजूद थे। आरोपियों ने उमेंद से 10 लाख रुपये ले लिए और बाकी 5 लाख रुपये खुद देने की बात कहकर उसे 1 किलो वजन के 5 सोने के बिस्किट थमा दिए।

सुनार से जांच में खुली पोल, आरोपियों ने दी धमकी
अगले दिन जब उमेंद साहू ने मुंगेली में एक सुनार से उन बिस्किटों की जांच करवाई, तो पता चला कि वे सभी नकली थे। ठगी का अहसास होने पर जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने टाल-मटोल शुरू कर दी। आरोपियों ने पीड़ित को झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दी, जिसके कारण वह कुछ समय तक चुप रहा। अंततः परिजनों की सलाह पर उसने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने इस मामले में कुल 4 आरोपियों के खिलाफ बीएनएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है। इनमें मुंगेली जिले के तीन आरोपी और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कारीआम निवासी मनोज साकत शामिल हैं। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।





































