BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक 21 वर्षीय युवक ने अपनी उम्र से बड़ी लॉ छात्रा को शादी का झांसा देकर तीन साल तक शारीरिक शोषण किया। पीड़िता के दो बार गर्भवती होने पर आरोपी ने धोखे से उसका गर्भपात भी कराया। सरकंडा थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, सरकंडा क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर कानून की पढ़ाई कर रही 22 वर्षीय छात्रा की जान-पहचान साल 2023 में सैदा निवासी गौरव दुबे (21) से हुई थी। गौरव मंगला स्थित दीनदयाल आवासीय कॉलोनी में रहकर एक प्राइवेट जॉब करता है।

शुरुआत में दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम प्रसंग में बदल गई। पीड़िता का आरोप है कि गौरव ने उससे शादी करने का वादा किया और उसके किराए के कमरे में आकर लगातार शारीरिक संबंध बनाए।

गर्भपात और शादी से इनकार
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि संबंधों के दौरान वह दो बार गर्भवती हुई। जब उसने गौरव पर शादी के लिए दबाव बनाया, तो उसने झांसा देकर टैबलेट खिला दी और उसका गर्भपात करा दिया। ऐसा उसने दो बार किया। हाल ही में जब युवती ने फिर से शादी की बात दोहराई, तो गौरव ने साफ तौर पर इनकार कर दिया और उसे छोड़ दिया।

पुलिस ने किया गिरफ्तार, एट्रोसिटी एक्ट भी लगा
आरोपी की हरकतों से तंग आकर युवती ने 7 मार्च को सरकंडा थाने में आपबीती सुनाई। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज करने और मेडिकल जांच कराने के बाद आरोपी गौरव दुबे के खिलाफ दुष्कर्म और गर्भपात सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया।



































