KABUL NEWS. पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। सोमवार देर रात पाकिस्तानी एयरफोर्स (PAF) के लड़ाकू विमानों ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के कई इलाकों में भीषण एयरस्ट्राइक की। इस हमले में अब तक 400 लोगों के मारे जाने की खबर है, जबकि 250 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स और स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार, काबुल के दारुलअमान, अरजान कीमत और खैरखाना जैसे इलाकों में तेज धमाकों के साथ गोलीबारी की आवाजें सुनी गईं। काबुल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्रों को भी निशाना बनाया गया है। तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पाकिस्तानी सेना ने जानबूझकर एक नशा मुक्ति अस्पताल और नागरिक ठिकानों पर बमबारी की है।


तालिबान की कड़ी प्रतिक्रिया
तालिबान ने इस हमले की निंदा करते हुए इसे ‘मानवता के खिलाफ अपराध’ करार दिया है। प्रवक्ता मुजाहिद ने कहा कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की संप्रभुता और एयरस्पेस का उल्लंघन किया है, जिसके परिणाम गंभीर हो सकते हैं। हमले के बाद काबुल के अस्पतालों में घायलों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है और मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

पाकिस्तान ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
दूसरी ओर, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मोशर्रफ जैदी ने इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। पाकिस्तान का कहना है कि उन्होंने किसी अस्पताल या नागरिक ठिकाने को निशाना नहीं बनाया है। हालांकि, पाकिस्तान की ओर से इस सैन्य कार्रवाई के पीछे की मुख्य वजह पर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं की गई है।





































