TEHRAN NEWS. मध्य पूर्व में जारी ईरान-इजराइल तनाव अब खतरनाक मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है। इजराइल ने दावा किया है कि उसने ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के नौसेना प्रमुख अलिरेजा तंगसीरी को एक एयरस्ट्राइक में मार गिराया है। हालांकि, इस दावे पर ईरान की ओर से अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

इजराइली रक्षा मंत्री इज़राइल काट्ज़ के अनुसार, यह हमला ईरान के प्रमुख बंदरगाह शहर बंदर अब्बास के पास किया गया, जहां तंगसीरी मौजूद थे। इजराइल का कहना है कि तंगसीरी ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ को बंद करने की रणनीति के मुख्य सूत्रधार थे, जिससे वैश्विक तेल आपूर्ति पर गंभीर असर पड़ सकता था।

बाब-अल-मंदेब पर भी बढ़ा खतरा
विशेषज्ञों के अनुसार, होर्मुज के बाद अब बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य पर भी संकट गहराने की आशंका है। ईरान समर्थित गुट हूती विद्रोही इस रणनीति में अहम भूमिका निभा सकते हैं। यह समुद्री मार्ग अफ्रीका के जिबूती के पास स्थित है और वैश्विक शिपिंग के लिए बेहद अहम माना जाता है।

वैश्विक व्यापार और तेल आपूर्ति पर असर
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज या बाब-अल-मंदेब जैसे महत्वपूर्ण मार्ग बाधित होते हैं, तो एशिया और यूरोप के बीच व्यापार पर बड़ा असर पड़ सकता है। इन मार्गों से हर साल लगभग 1 ट्रिलियन डॉलर का व्यापार और रोजाना लाखों बैरल तेल का परिवहन होता है। किसी भी तरह की रुकावट से तेल की कीमतों में भारी उछाल संभव है।

अमेरिका की सक्रियता से बढ़ा तनाव
इसी बीच, अमेरिका द्वारा ईरान के खार्ग द्वीप पर संभावित जमीनी कार्रवाई की खबरों ने हालात को और संवेदनशील बना दिया है। खाड़ी क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां तेज हो गई हैं, जिससे व्यापक युद्ध की आशंका भी जताई जा रही है।



































