BILASPUR NEWS. शहर में बढ़ती गर्मी के बीच कचरा प्रबंधन की लापरवाही अब सीधे हादसों में बदलने लगी है। दैहानपारा स्थित मेघदूत नगर में शनिवार को कचरे के ढेर में लगी भीषण आग ने न सिर्फ इलाके में दहशत फैला दी, बल्कि नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

जानकारी के मुताबिक, मेघदूत नगर में लंबे समय से कचरे का बड़ा ढेर जमा था, जिसे हटाने के लिए स्थानीय लोग लगातार शिकायत कर रहे थे। बावजूद इसके नियमित सफाई नहीं होने से यह ढेर धीरे-धीरे ‘खतरे का अड्डा’ बन गया। शनिवार को अचानक इसी कचरे में आग भड़क उठी, जो तेज गर्मी और सूखे अपशिष्ट के कारण तेजी से फैल गई।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास में खड़ी दो चार पहिया वाहन इसकी चपेट में आ गए। कुछ ही मिनटों में दोनों गाड़ियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। आग की लपटें और धुएं का गुबार इतना घना था कि आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहन मालिकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी साफ देखी जा रही है। उनका आरोप है कि अगर समय रहते कचरे का उठाव किया जाता, तो यह हादसा टल सकता था। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर में कचरा प्रबंधन की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और संवेदनशील स्थानों की नियमित निगरानी की जाए।



































