BHILAI NEWS. शिक्षाधानी भिलाई के सेक्टर-7 स्थित कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय में वार्षिक उत्सव और पुरस्कार वितरण समारोह रंगारंग प्रस्तुतियों और प्रेरक संदेशों के बीच संपन्न हुआ। करीब 40 से अधिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों एकल व समूह गायन, नृत्य, नाट्य और जनसरोकारी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों, प्राध्यापकों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया, साथ ही मेधावी व जरूरतमंद छात्रों को छात्रवृत्ति भी प्रदान की गई।

सड़क हादसे में मददगार बनिए, पाएं सम्मान और पुरस्कार
मुख्य आकर्षण रहा वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं छत्तीसगढ़ सड़क सुरक्षा प्रभारी संजय शर्मा का संबोधन। उन्होंने विद्यार्थियों से ट्रैफिक नियमों के पालन की अपील करते हुए कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट जैसी छोटी सावधानियां बड़ी अनहोनी टाल सकती हैं। उन्होंने यह महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने वाले “गुड सेमेरिटन” को केंद्र सरकार की ओर से सम्मान के साथ-साथ सवा लाख रुपये तक का पुरस्कार दिया जा सकता है। उनके संदेश ने युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी का भाव जगाया।

फिट इंडिया और खेलो इंडिया का आह्वान
समारोह में भिलाई स्टील प्लांट के टाउनशिप विभाग के महाप्रबंधक ए.बी. श्रीनिवास ने “फिट इंडिया” और “खेलो इंडिया” का उल्लेख करते हुए नियमित व्यायाम, योग और शारीरिक सक्रियता पर जोर दिया। उन्होंने महाविद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर ही सफल भविष्य की आधारशिला है।
छह दशक की शैक्षणिक विरासत
प्राचार्य डॉ. विनय शर्मा ने महाविद्यालय की छह दशक लंबी विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि जब भिलाई में गिने-चुने स्कूल थे, तब इस संस्थान ने उच्च शिक्षा का बीजारोपण किया था, जो आज विशाल वटवृक्ष बन चुका है।
छत्तीसगढ़ कल्याण समिति के सचिव जे.एल. सोनी ने सकारात्मक सोच का संदेश देते हुए अपने व्यंग्यात्मक अंदाज में पारिवारिक रिश्तों पर हल्की-फुल्की टिप्पणी कर माहौल को खुशनुमा बना दिया।

विद्यार्थी-प्राध्यापक हुए गौरवान्वित
इस अवसर पर नेट-सेट उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों और प्राध्यापकों, पुस्तक लेखन व पेटेंट कराने वाले शिक्षकों तथा विश्वविद्यालय मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

महाविद्यालय में विभिन्न दानदाताओं के सहयोग से मेधावी, खेल प्रतिभाओं और जरूरतमंद छात्रों को प्रशस्ति पत्र और पांच हजार रुपये तक की छात्रवृत्ति दी गई।
सफल आयोजन में इनकी रही प्रमुख भूमिका
समारोह प्राचार्य डॉ. विनय शर्मा के निर्देशन और छात्र संघ प्रभारी डॉ. मणिमेखला शुक्ला के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ कल्याण समिति के पदाधिकारी, विभिन्न संकायाध्यक्ष, प्राध्यापक, शोधार्थी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

रंगारंग प्रस्तुतियों, प्रेरक संदेशों और सम्मान समारोह के बीच यह वार्षिकोत्सव विद्यार्थियों के लिए यादगार बन गया—जहां प्रतिभा को मंच मिला और समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी।


































