BILASPUR NEWS. जिले के कोटा क्षेत्र अंतर्गत बेलगहना स्थित एक एथनिक रिसॉर्ट में वन्यजीव शिकार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कुरदर स्थित पर्यटन मंडल के एथनिक रिसॉर्ट में हिरण का मांस पकाते हुए वन विभाग की टीम ने दबिश देकर मैनेजर समेत चार लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

वन विभाग को शुक्रवार को गुप्त सूचना मिली थी कि बेलगहना वन परिक्षेत्र के एक निजी एथनिक रिसॉर्ट में हिरण का शिकार कर उसका मांस पकाया जा रहा है। सूचना मिलते ही विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी। तलाशी के दौरान किचन में कुक को कढ़ाई में मांस पकाते हुए पकड़ा गया।

मैनेजर-कुक समेत चार आरोपी गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान वन विभाग ने मौके से पका हुआ मांस जब्त किया और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें रिसॉर्ट मैनेजर रजनीश सिंह, कुक रामकुमार टोप्पो तथा कर्मचारी रमेश यादव और संजय वर्मा शामिल हैं। सभी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा
पूछताछ के दौरान मैनेजर ने मामले से अनभिज्ञता जताते हुए जिम्मेदारी कुक पर डाल दी। वहीं कुक रामकुमार टोप्पो ने बताया कि ‘जनक बैगा’ नामक व्यक्ति पत्तों में लपेटकर मांस लेकर आया था, जिसे रिसॉर्ट में ठहरे ‘साहब लोगों’ के लिए तैयार किया जा रहा था।

फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया सैंपल
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार जब्त मांस का सैंपल जांच के लिए जबलपुर स्थित स्टेट फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मांस हिरण का है या किसी अन्य वन्यजीव का। वन विभाग और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आरोपियों के खिलाफ और भी धाराएं जोड़ी जा सकती हैं।



































