RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की कमी को लेकर राजनीति भी तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के मीडिया कोऑर्डिनेटर (प्रवक्ता) शाहरुख अशरफी ने गैस संकट को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि सिलेंडर की किल्लत से आम जनता और छोटे व्यापारी दोनों परेशान हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर गैस की ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था बंद होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोग गैस एजेंसियों के दफ्तरों के बाहर घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं, लेकिन उन्हें कभी नेटवर्क समस्या तो कभी गैस उपलब्ध नहीं होने का हवाला देकर वापस लौटा दिया जा रहा है।

अशरफी ने कहा कि स्थिति यह है कि लोगों को यह तक नहीं बताया जा रहा कि गैस सिलेंडर की आपूर्ति कब तक सामान्य होगी। इससे आम उपभोक्ताओं में असमंजस और नाराजगी बढ़ रही है। कांग्रेस प्रवक्ता ने बताया कि कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी का असर होटल, ढाबों और छोटे कारोबारियों पर भी पड़ रहा है। कई दुकानों का काम प्रभावित हो गया है, कुछ बंद हो चुकी हैं और कई बंद होने की स्थिति में पहुंच गई हैं। मजबूरी में कुछ व्यापारी लकड़ी के चूल्हे का उपयोग कर अपना काम चला रहे हैं।


उन्होंने कहा कि सरकार एक ओर रोजगार बढ़ाने की बात करती है, जबकि दूसरी ओर गैस संकट के कारण छोटे व्यापारियों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो रहा है। कांग्रेस ने सरकार से मांग की है कि गैस सिलेंडरों की आपूर्ति जल्द सामान्य की जाए और उपभोक्ताओं को बुकिंग तथा वितरण की स्पष्ट व्यवस्था दी जाए, ताकि आम जनता और व्यापारियों को राहत मिल सके।



































