JASHPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के जशपुर जिला में एक बेहद दर्दनाक हादसे में सगे भाई-बहन की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कलिया की है, जहां नौ वर्षीय विष्णुदास और बारह वर्षीय योगिता दास की जान चली गई।

जानकारी के अनुसार, ग्राम कलिया निवासी जितेंद्र दास के दोनों बच्चे रविवार को जंगल में महुआ बीनने गए थे। लौटते समय वे गांव के तालाब के पास पहुंचे और नहाने के लिए पानी में उतर गए। इसी दौरान नहाते समय नौ साल के विष्णुदास का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।


भाई को डूबता देख बड़ी बहन योगिता ने उसे बचाने के लिए तुरंत तालाब में छलांग लगा दी। लेकिन तालाब में पानी अधिक गहरा होने के कारण वह भी खुद को संभाल नहीं पाई और दोनों भाई-बहन देखते ही देखते पानी में डूब गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग और ग्रामीण बच्चों की तलाश में जुट गए, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तालाब में तलाश अभियान चलाया गया। कुछ देर बाद दोनों बच्चों के शव तालाब से बाहर निकाले गए।

पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। मासूम भाई-बहन की एक साथ मौत से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्राम कलिया में इस हादसे के बाद मातम का माहौल बना हुआ है।




































