BILASPUR NEWS. बिलासपुर शहर में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं पर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसीसीयू टीम ने 300 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालकर अंतरजिला गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से चोरी की 6 बाइक बरामद हुई हैं, जबकि 3 खरीदारों को भी आरोपी बनाया गया है। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर एसीसीयू ने बाइक चोरी के मामलों की जांच शुरू की। टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों के करीब 300 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और रूट चार्ट तैयार कर संदिग्धों की पहचान की।

जांच के दौरान मस्तूरी क्षेत्र के वेद वेदपरसदा में मुख्य आरोपी साहिल मरावी का सुराग मिला। टीम ने वहां दबिश देकर साहिल को हिरासत में लिया। शुरुआती पूछताछ में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती के बाद उसने अपने गिरोह का खुलासा कर दिया। उसने बताया कि वह साथियों के साथ मिलकर अलग-अलग जिलों में बाइक चोरी करता था।

एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि आरोपियों ने बिलासपुर के सरकंडा, सिविल लाइन और कोतवाली क्षेत्र से चार, दुर्ग के मोहन नगर से एक और जांजगीर जिले से एक बाइक चोरी की थी। गिरोह से करीब 2 लाख रुपए कीमत की 6 बाइक बरामद की गई हैं। जांच में सामने आया कि गिरोह का नेटवर्क तीन जिलों तक फैला था। आरोपी चोरी की बाइक को ग्रामीण इलाकों में कम दाम पर खपा देते थे, जिससे पुलिस की नजर से बच सकें।

साहिल मरावी अपने साथियों निलेश शुक्ला, हिमांशु जगत और रायपुर निवासी रितेश सेन के साथ वारदात करता था। चोरी की बाइक गांव के रघुनंदन साहू, नंदकुमार रजक और सोनू केंवट को बेची जाती थी। पुलिस ने तीनों खरीदारों को भी आरोपी बनाकर गिरफ्तार किया है।

ऐसे चलता था गैंग
19 साल का साहिल मरावी मास्टरमाइंड
शहर में रेकी कर बाइक चोरी
दूसरे जिले में ले जाकर बेच देते थे
बिना कागज 20-25 हजार में डील





































