RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली 14 ट्रेनों को रेलवे ने रद्द कर दिया है। ये ट्रेनें 5 अप्रैल से 24 अप्रैल के बीच अलग-अलग तारीखों में नहीं चलेंगी। रद्द की गई ट्रेनों में 10 एक्सप्रेस और 4 पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं, जिनका संचालन बिलासपुर और रायपुर रूट से होता है। 31 मार्च से 11 अप्रैल तक असर होगा। बता दें कि पहले भी 13 पैसेंजर ट्रेनें रद्द हो चुकी हैं।

इस फैसले का असर सिर्फ छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश और दिल्ली जैसे राज्यों के यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ सकती है। रेलवे के मुताबिक, गोंदिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर मरम्मत और ट्रैक सुधार का काम किया जाना है। इस दौरान अप मेन लाइन नंबर 5 को लगभग 20 दिनों के लिए बंद रखा जाएगा। इसी कारण ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया गया है।

इससे पहले भी रेलवे ने छत्तीसगढ़ में 13 पैसेंजर ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया था। यह निर्णय दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में चल रहे निर्माण कार्यों के कारण लिया गया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत झारसुगुड़ा सेक्शन में हावड़ा-मुंबई मुख्य लाइन पर चौथी लाइन बिछाने का काम चल रहा है।

इसके साथ ही अकलतरा रेलवे स्टेशन में यार्ड रिमॉडलिंग और नई लाइन की कनेक्टिविटी का कार्य भी किया जाएगा। इस फैसले से रायगढ़, बिलासपुर, रायपुर और कोरबा सहित कई जिलों के यात्रियों को यात्रा में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। खासकर हावड़ा-मुंबई रूट पर सफर करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ सकती है।

यात्रियों के लिए सलाह
यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लें
वैकल्पिक ट्रेन या रूट की जानकारी पहले से रखें
टिकट कैंसिलेशन/रिफंड के नियमों की जानकारी लें

































