RAIPUR NEWS. राजधानीवासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर सरोना से लाभांडी तक सर्विस लेन के चौड़ीकरण को मंजूरी दे दी है। करीब 14.25 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर दोनों ओर की सर्विस लेन को 5.5 मीटर से बढ़ाकर 10-10 मीटर किया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 99.72 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने जताया आभार
रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने इस स्वीकृति पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि रिंग रोड नंबर-1 (NH-53) पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से अब जल्द ही राहत मिलेगी। उन्होंने इसे रायपुर के सुगम और व्यवस्थित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

इन क्षेत्रों को होगा सीधा लाभ
रिंग रोड नंबर-1 (NH-53) की सर्विस लेन चौड़ी होने से लाभांडी, तेलीबांधा, पचपेड़ी नाका, संतोषी नगर, भाठागांव अंतरराज्यीय बस स्टैंड और सरोना क्षेत्र के निवासियों और व्यापारियों को सीधा फायदा मिलेगा। वर्तमान में इस मार्ग पर भारी वाहनों और लोडिंग-अनलोडिंग के कारण अक्सर ट्रैफिक बाधित रहता है। चौड़ीकरण के बाद यातायात अधिक सुव्यवस्थित होगा और दैनिक आवागमन में आसानी आएगी।

यह परियोजना राजधानी रायपुर में यातायात सुधार की दिशा में एक अहम पहल मानी जा रही है, जिससे शहरवासियों को लंबे समय से जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।





































