BILASPUR NEWS. दिल्ली में प्रेमी की आत्महत्या की खबर मिलने के महज एक दिन बाद बिलासपुर में उसकी नाबालिग प्रेमिका ने भी आत्मघाती कदम उठा लिया। यह हृदयविदारक घटना तोरवा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। दोनों की मौत से परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, करीब छह महीने पहले युवक अपनी नाबालिग प्रेमिका को लेकर दिल्ली चला गया था। परिजनों की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने लड़की को बरामद कर बाल संरक्षण गृह भेजा, जहां से उसे परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद दोनों अलग-अलग रहने लगे थे।

बिछड़ने के गम में प्रेमी ने की आत्महत्या
बताया जा रहा है कि प्रेमिका से दूरी और पारिवारिक दबाव के चलते युवक मानसिक तनाव में था। रविवार को उसने दिल्ली में आत्महत्या कर ली। युवक की मौत की सूचना जब उसकी नाबालिग प्रेमिका को दोस्तों के माध्यम से मिली, तो वह गहरे सदमे में चली गई।

बुआ के घर रह रही थी नाबालिग
नाबालिग लड़की इन दिनों बिलासपुर में अपनी बुआ के घर रह रही थी। परिजनों के अनुसार, युवक की मौत की खबर के बाद वह लगातार गुमसुम थी और मानसिक रूप से बेहद परेशान नजर आ रही थी। परिजनों ने उसे समझाने की कोशिश भी की।

मौके का फायदा उठाकर उठाया आत्मघाती कदम
सोमवार सुबह घर के अन्य सदस्य अपने काम में व्यस्त थे, इसी दौरान लड़की ने कमरे में आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। तोरवा थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।




































