BILASPUR NEWS. शहर में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी का एक और बड़ा मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शातिर ठगों ने एक युवक को साल भर में पैसा दोगुना करने और हर महीने 50 हजार रुपये मुनाफे का लालच देकर 6.05 लाख रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जांजगीर निवासी अनिल कुमार पाण्डेय, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, की मुलाकात करीब एक साल पहले कवर्धा निवासी झमिया यादव और चेतन पटेल से हुई थी। दोनों ने खुद को फॉरेक्स ट्रेडिंग का एक्सपर्ट बताते हुए दावा किया कि उनकी बाजार पर मजबूत पकड़ है और वे निवेश की गई राशि को एक साल में दोगुना कर सकते हैं। झांसे में लेने के लिए आरोपियों ने अनिल को श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित मैग्नेटो मॉल में मिलने बुलाया।

किश्तों में वसूले साढ़े छह लाख रुपये
पीड़ित अनिल कुमार ने बताया कि आरोपियों की बातों में आकर उन्होंने 6 अगस्त को 1.50 लाख रुपये नकद और 70 हजार रुपये फोन-पे के जरिए ट्रांसफर किए। इसके बाद 7 अगस्त से 16 अक्टूबर के बीच आरोपियों ने सात अलग-अलग किश्तों में कुल 4.55 लाख रुपये ऑनलाइन मंगवाए। इस प्रकार ठगों ने कुल 6.05 लाख रुपये अपने खाते में डलवा लिए। आरोपियों ने वादा किया था कि वे पीड़ित को हर महीने 50 हजार रुपये का मुनाफा देंगे।

सिर्फ 23 हजार लौटाए, फिर फोन उठाना किया बंद
जब पैसे लौटाने की बारी आई, तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। उन्होंने अब तक केवल 23 हजार रुपये (18, 3 और 2 हजार की किश्तों में) ही वापस किए। जब अनिल ने बाकी रकम मांगी, तो झमिया यादव ने बैंक खाता बंद होने का बहाना बनाया और बाद में फोन उठाना ही बंद कर दिया। हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने साफ कह दिया कि पैसा निजी काम में खर्च हो चुका है, जो करना है कर लो।

पुलिस ने दर्ज की FIR
लगातार मिल रही धमकियों और धोखाधड़ी से परेशान होकर अनिल कुमार ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी झमिया यादव और चेतन पटेल के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है।





































