KAWARDHA NEWS. जिले के वनांचल क्षेत्र पंडरिया विकासखंड अंतर्गत दमगढ़ गांव में घर वापसी का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान 65 धर्मांतरित लोगों ने अपने मूल धर्म में वापसी की। कार्यक्रम में पंडरिया विधायक भावना बोहरा विशेष रूप से मौजूद रहीं, जहां उन्होंने परंपरागत तरीके से चरण धोकर लोगों की घर वापसी करवाई।

विधायक भावना बोहरा ने बताया कि बीते छह माह में क्षेत्र के 250 से अधिक लोग मूल धर्म में लौट चुके हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासी और ग्रामीण इलाकों में भोले-भाले लोगों को इलाज, शिक्षा और सहायता के बहाने गुमराह कर धर्म परिवर्तन कराया गया, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

घर वापसी करने वाले लोगों ने बताया कि बीमारी के इलाज और बेहतर जीवन का लालच देकर उनका धर्म परिवर्तन कराया गया था, लेकिन अपेक्षित सहायता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने अपने मूल धर्म में लौटने का निर्णय लिया।
कार्यक्रम के दौरान धार्मिक अनुष्ठान और सामाजिक एकता पर आधारित आयोजन किए गए। विधायक भावना बोहरा ने कहा कि समाज को जागरूक रहने की आवश्यकता है ताकि किसी भी प्रकार के प्रलोभन या दबाव में आकर लोग अपनी आस्था और संस्कृति से दूर न हों। उन्होंने प्रशासन से भी ऐसे मामलों पर सतर्क नजर रखने की अपील की।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


































