NEW DELHI NEWS. लैपटॉप या डेस्कटॉप पर व्हाट्सऐप इस्तेमाल करने वालों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लंबे इंतजार के बाद अब WhatsApp Web पर ऑडियो और वीडियो कॉलिंग फीचर आने की तैयारी पूरी हो चुकी है। कंपनी ने इसकी टेस्टिंग शुरू करते हुए बीटा यूजर्स के लिए यह सुविधा रोलआउट कर दी है। माना जा रहा है कि बीटा चरण सफल रहने पर आने वाले समय में यह फीचर सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा।

अब तक व्हाट्सऐप पर कंप्यूटर से कॉलिंग करने के लिए ऑफिशियल डेस्कटॉप ऐप डाउनलोड करना जरूरी होता था। वेब ब्राउजर पर केवल चैटिंग की सुविधा मिलती थी। नए अपडेट के बाद यूजर्स सीधे ब्राउजर से ही कॉल कर सकेंगे, जिससे ऑफिस वर्क, ऑनलाइन मीटिंग और पर्सनल बातचीत करना और भी आसान हो जाएगा।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शुरुआती चरण में WhatsApp Web पर केवल वन-टू-वन ऑडियो और वीडियो कॉलिंग की सुविधा मिलेगी। ग्रुप कॉलिंग फीचर बाद में जोड़ा जाएगा। कंपनी पिछले करीब एक साल से इस फीचर पर काम कर रही थी। बीटा यूजर्स का कहना है कि वेब वर्जन पर कॉल करना काफी सरल है—व्हाट्सऐप वेब खोलते ही चैट विंडो में कॉल का बटन दिखाई देता है, जिस पर क्लिक करके कॉल की जा सकती है। इसके लिए किसी अतिरिक्त सॉफ्टवेयर की जरूरत नहीं होगी।

नए फीचर के साथ WhatsApp Web पर वीडियो कॉलिंग के दौरान स्क्रीन शेयरिंग का विकल्प भी मिलेगा। यह सुविधा मोबाइल ऐप पर पहले से मौजूद है, लेकिन वेब पर आने के बाद ऑफिस मीटिंग, प्रेजेंटेशन और टीम डिस्कशन के लिए व्हाट्सऐप एक मजबूत विकल्प बन सकता है। इससे यूजर्स को गूगल मीट या माइक्रोसॉफ्ट टीम्स जैसे प्लेटफॉर्म पर निर्भरता कम करनी पड़ेगी। आगे चलकर जब ग्रुप कॉलिंग भी शुरू होगी, तब यह फीचर और ज्यादा उपयोगी साबित होगा।

फिलहाल कंप्यूटर से ऑडियो या वीडियो कॉल करने के लिए व्हाट्सऐप का डेस्कटॉप ऐप इंस्टॉल करना पड़ता है। नए अपडेट के बाद यह बाध्यता खत्म हो जाएगी और यूजर्स सीधे किसी भी ब्राउजर से WhatsApp Web खोलकर कॉल कर सकेंगे। इससे खासकर ऑफिस और वर्क-फ्रॉम-होम करने वालों को बड़ी सुविधा मिलने वाली है।































