KAWARDHA NEWS. कबीरधाम जिले के थाना सिंघनपुरी जंगल पुलिस ने शादी का झांसा देकर 15 वर्षीय नाबालिग बालिका से दुष्कर्म करने वाले आरोपी सूरजपाल (20) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रायपुर के वार्ड क्रमांक 20, रावणभाटा क्षेत्र का निवासी है।

परिजनों ने 11 जनवरी को थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री बिना बताए घर से चली गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की।
विशेष टीम बनाकर की गई पतासाजी
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित कर लगातार खोजबीन की गई। जांच के दौरान पुलिस ने नाबालिग को रायपुर से आरोपी के कब्जे से बरामद किया। बालिका के बयान महिला पुलिस अधिकारी की उपस्थिति में दर्ज किए गए।

पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी सूरजपाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 87, 64(2)(एम), 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2) और 6 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने उसे रिमांड पर जेल भेज दिया है।

नाबालिगों के खिलाफ अपराध पर सख्त रुख
कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नाबालिगों से जुड़े अपराधों में सख्त और संवेदनशील कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। यह घटना एक बार फिर समाज में नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती है।



































