GARIYABAND NEWS. जिला पंचायत गरियाबंद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर ने शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में सुस्ती बरतने वाले 100 ग्राम पंचायत सचिवों पर बड़ी कार्रवाई की है। जनपद पंचायत मैनपुर के 57 और जनपद पंचायत देवभोग के 43 सचिवों का जनवरी माह का वेतन रोकने के आदेश जारी किए गए हैं।

जिला पंचायत स्तर पर संचालित योजनाओं—प्रधानमंत्री आवास योजना, समर्थ पोर्टल, ग्राम संपदा, 15वां वित्त आयोग सहित अन्य विकास कार्यों—की नियमित समीक्षा के दौरान संबंधित पंचायतों में अपेक्षित प्रगति नहीं पाई गई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा पूर्व में निरीक्षण और समीक्षा बैठकों के माध्यम से निर्माण एवं विकास कार्यों को समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए गए थे।


बार-बार चेतावनी के बावजूद योजनाओं के क्रियान्वयन में सुधार नहीं होने पर यह कार्रवाई की गई। सीईओ ने स्पष्ट किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के समयबद्ध और प्रभावी संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





































