BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में कथित तौर पर प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक पास्टर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

पूरा मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली चौकी मल्हार का है। पुलिस के अनुसार, डबहापारा मल्हार निवासी रामकुमार केवट (41) रविवार, 11 जनवरी को दोपहर करीब 12 बजे हिंदू ग्रामीणों को एकत्र कर एक प्रार्थना सभा आयोजित कर रहा था।
आरोप है कि इस सभा के दौरान ग्रामीणों को निम्नलिखित प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था मुफ्त भोजन कराने का लालच। प्रार्थना के जरिए गंभीर बीमारियां ठीक होने का दावा।

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
धर्मांतरण की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। प्रार्थी पुनेन्द्र शर्मा की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी रामकुमार केवट के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 के तहत अपराध दर्ज किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह के निर्देशानुसार जिले में धर्मांतरण की संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में पुलिस ने आरोपी पास्टर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।




































