MUNGELI NEWS. मुंगेली जिले के लालपुर थाना क्षेत्र से पुलिसिया ज्यादती का गंभीर मामला सामने आया है। थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अमित गुप्ता पर छेड़छाड़ के आरोपियों के साथ मारपीट, जबरन नारे लगवाने और गांव में जुलूस निकालने का आरोप लगा है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े हो गए हैं।

मामला ग्राम देवरहट निवासी हेमून पटेल उर्फ राजेश पटेल/चमरू पटेल द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत से जुड़ा है। शिकायत के अनुसार 06 दिसंबर 2025 को दोपहर लगभग 1 से 1:30 बजे के बीच हरनाचाका स्थित महाराणा प्रताप चौक के पास सूरज पटेल (धमरू पटेल) और सम्मत पटेल (रामफल पटेल) पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने पुलिस अभिरक्षा में ही दोनों युवकों के साथ बेरहमी से मारपीट की।

आरोप है कि इस दौरान पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे। बाद में दोनों युवकों को अपराधियों की तरह गांव में जुलूस निकालते हुए देवरहट बाजार तक घुमाया गया। इस दौरान उनसे जबरन यह नारा लगवाया गया—लड़की से छेड़छाड़ करना पाप है, पुलिस वाला हमारा बाप है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि थाना प्रभारी अमित गुप्ता ने स्वयं युवकों को जूते और लातों से पीटा, जो वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। इसके अलावा कुछ ग्रामीणों द्वारा भी मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया, जिनके खिलाफ भी अपराध दर्ज किए जाने की मांग की गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि कानून किसी भी आरोपी को सजा देने का अधिकार सिर्फ न्यायालय को देता है, ऐसे में पुलिस द्वारा मारपीट और जुलूस निकालना कानून के दायरे से बाहर है और यह गंभीर पुलिसिया दुर्व्यवहार की श्रेणी में आता है।
वहीं इस मामले में एसडीओपी हरविंदर सिंह ने कहा कि अब तक हमारे पास कोई लिखित शिकायत नहीं आई है। यदि शिकायत प्राप्त होती है तो मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।





































