GOA NEWS. गोवा अग्निकांड के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। बर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब के मालिक सौरभ और गौरव लूथरा को थाईलैंड में हिरासत में लिया गया है। सौरभ-गौरव को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। दरअसल, लूथरा बंधुओं के खिलाफ इंटरपोल ने ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया था, जिसके बाद उनकी हिरासत की खबर सामने आई. इससे पहले विदेश मंत्रालय ने लूथरा ब्रदर्स का पासपोर्ट भी सस्पेंड कर दिया।

थाइलैंड पुलिस ने दोनों भाइयों की तस्वीरें भी जारी की हैं, जिनमें उनके हाथों में हथकड़ी लगी है। उन्होंने अपने पासपोर्ट पकड़े हुए हैं। सूत्रों के अनुसार भारतीय अधिकारियों की एक टीम थाईलैंड के लिए रवाना हो चुकी है और 24 घंटे के भीतर लूथरा ब्रदर्स को वापस लेकर आएगी। संभावना है कि भारत लाने के बाद गोवा पुलिस दोनों को अपनी हिरासत में लेगी। बिर्च नाइट क्लब में 6 दिसंबर को आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई थी।

इस घटना के बाद दोनों भाई भारत छोड़कर थाईलैंड फरार हो गए थे। दोनों पर गैर इरादतन हत्या और लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है। बता दें कि 10 दिसंबर 2025 को ट्रांजिट अग्रिम जमानत याचिकाओं की सुनवाई के दौरान लूथरा बंधुओं की ओर से पेश हुए वकील ने उनके भाग जाने के आरोप का खंडन करते हुए कहा था कि वे व्यापारिक बैठक के लिए थाईलैंड गए थे। वकील ने कहा कि उन पर किसी भी प्रकार की जिम्मेदारी नहीं बनती, यहां तक कि अप्रत्यक्ष रूप से भी नहीं। लूथरा बंधुओं की ओर से पेश वकील ने कहा कि मेरे अन्य रेस्तरां ध्वस्त कर दिए गए हैं। अधिकारी और यहां तक कि मीडिया भी मेरे पीछे पड़ी है।

वहीं, गोवा पुलिस की ओर से पेश हुए वकील ने अंतरिम सरंक्षण का विरोध करते हुए कहा कि लुथरा बंधुओं के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किए गए हैं और घटना के बाद वे फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि जब पुलिस 8 दिसंबर को लूथरा बंधुओं के घर गई तो उनके परिवार ने उनके ठिकाने के बारे में जानकारी साझा करने से इंकार कर दिया। इसके बाद अदालत ने राज्य को जमानत याचिकाओं पर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया।

आरोपियों की ट्रांजिट अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई कर रहीं रोहिणी जिला अदालत की अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश वंदना ने गोवा पुलिस से जवाब मांगा है और अगली सुनवाई आज यानी 11 दिसंबर को होनी है। अग्निकांड के बाद जहां आग बुझाने और लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही थी, उसी रात लूथरा बंधुओं ने थाईलैंड का टिकट बुक किया और सुबह होते ही देश छोड़ दिया, जिसके बाद से दोनों ही फरार चल रहे थे।

































