INDORE NEWS. इंदौर में शुक्रवार शाम आईटी पार्क चौराहे पर बड़ा हादसा टल गया। नशे में धुत राजरतन ट्रेवल्स का बस चालक तेज रफ्तार से गाड़ी दौड़ा रहा था। उसने ई-रिक्शा और एक बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार ने तुरंत सूचना दी, तो ट्रैफिक पुलिस ने चौराहे पर ही बस रोक ली।

ई-रिक्शा, बाइक में मारी टक्कर
राजीव गांधी चौराहे से आईटी पार्क की ओर आ रही वॉल्वो बस ने पहले ई-रिक्शा को ठोका। फिर बाइक सवार को भी टक्कर मारी। बाल-बाल बचे बाइक सवार ने सूबेदार अशोक कुमार भार्गव, एएसआई सुबोध शर्मा, आरक्षक देवी सिंह और संदीप जाट को सारी बात बताई। पुलिस ने चौराहे पर नाकेबंदी कर बस को घेर लिया।
बस में उस वक्त कोई सवार नहीं था। चेकिंग में ड्राइवर नशे की हालत में पाया गया। चाबी जब्त कर उसे भंवरकुआं थाने ले जाया गया, जहां ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट किया गया इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसका चालान काटा।

पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
ट्रैफिक पुलिस ने मोटर वाहन कानून के तहत बस को जब्त कर लिया। ट्रेवल्स वाले पहुंचे, तो बताया कि बस व्हील अलाइनमेंट कराने गई थी। रात में पुणे रूट पर चलनी थी। दूसरे ड्राइवर को बुलाकर बस को महू नाका के पास ट्रैफिक थाने (पश्चिम) ले जाया गया।

थाने ले जाकर कराया ब्रेथ टेस्ट
सूबेदार भार्गव ने कहा कि ब्रेथ एनालाइजर न होने से थाने ले जाना पड़ा। बाइक सवार शिकायत देकर चला गया। जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त बस में कोई सवार नहीं था। पुलिस ने चेतावनी दी कि नशे में ड्राइविंग से जान का खतरा रहता है।

याद आई पुरानी घटना
इंदौर के बदा गणपति पर पहले ट्रक हादसे में नशे के आलम में चालक ने कई गाड़ियों और लोगों को कुचल दिया था। उसमें जानें भी गई थीं। इसी तरह अब बस वाले केस में भी बड़ा नुकसान टल गया। ट्रैफिक पुलिस लगातार चेकिंग बढ़ा रही है।




































