AMBIKAPUR NEWS. सरगुजा जिले के मैनपाट ब्लॉक के तराई क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत राजापुर स्थित धान खरीदी केंद्र में आज सैकड़ों की संख्या में किसानों ने प्रदर्शन किया। धान बेचने में आ रहीं दिक्कतों को लेकर लगातार 03 घंटे तक चक्काजाम करते हुए नारेबाजी की और राजापुर उप तहसील कार्यालय का घेराव किया।

इस दौरान मौके पर पहुंचे सीतापुर SDM, स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम ने उन्हे समझाइश दी। जिसके बाद किसानों ने 03 घंटे बाद स्थानीय प्रशासन को अपनी समस्याओं को 02 दिनों तक ठीक करने का अल्टीमेटम देते हुए चक्काजाम समाप्त किया है।
आपको बता दें कि इस दौरान मीडिया से खास बातचीत में किसानों ने बताया कि उन्हें इस वर्ष छत्तीसगढ़ सरकार को धान बेचने में काफी समस्या आ रही है । उनके खाते का रकबा कटौती हो गया है तो कई किसानों का रकबा शून्य हो गया है। कई किसानों का एग्रीस्टेक पंजीयन समिति के पोर्टल में शो नहीं हो रहा है। इसलिए उन्हें धान बेचने के लिए टोकन कटवाने के लिए जूझना पड़ रहा है। उन्हें अपने द्वारा उगाए गए धान बेचने के लिए भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

किसानों ने आरोप लगाया कि समाधान के नाम पर उन्हें केवल समितियों और दफ्तरों का चक्कर लगाना पड़ रहा है लेकिन उनकी समस्याओं पर प्रशासन इसे टेक्निनल समस्या बताकर सुधार नहीं करवा पा रहा है। इसी कारण उन्हें आज सैकड़ों की संख्या में इकट्ठा होकर धान खरीदी केंद्र राजापुर में चक्काजाम करना पड़ा है। समिति और उप तहसील कार्यालय राजापुर का घेराव करना पड़ा।
वहीं उन्होंने यह भी बताया कि सीतापुर SDM रामसिंह ठाकुर और स्थानीय नायब तहसीलदार ने उन्हें उनकी समस्याओं के समाधान के लिए समय मांगा है। उन्हें 02 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होने पर पुनः चक्काजाम और आंदोलन की चेतावनी दी है। जिससे की उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन अपनी मुस्तैदी दिखा सकें।

इस दौरान बीजेपी नेताओं की मौजूदगी में राजापुर समिति के प्रबंधक अशोक सिदार और उप तहसील कार्यालय राजापुर के नायब तहसीलदार संजय सारथी ने मीडिया को बताया कि आंदोलन करने वाले किसानों से उनकी समस्याओं का आवेदन प्राप्त किया गया है। उनकी समस्याओं का जल्द ही प्रशासन समाधान कराएगी, जिससे किसानों को धान बेचने में दिक्कतों का सामना करना न पड़े।



































