INDORE NEWS. उत्तर प्रदेश की नगीना सीट से सांसद चंद्रशेखर और इंदौर की डॉ. रोहिणी घावरी के बीच विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। अब रोहिणी ने नया आरोप लगाया है कि चंद्रशेखर ने उनके माता-पिता को जेल भिजवाने की धमकी दी है।

रोहिणी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए चेतावनी दी कि उनके माता-पिता को नुकसान पहुंचाने की किसी भी कोशिश का वह करारा जवाब देंगी। उन्होंने लिखा कि उनकी लड़ाई व्यक्तिगत है, उसमें परिवार को बीच में न घसीटा जाए।
पहले दुश्मन नहीं थी, अब हूं जानी दुश्मन
उन्होंने यह भी कहा कि अगर उन्हें निशाना बनाना है तो सीधे उन्हीं पर कार्रवाई की जाए। पूरे देश में उनके खिलाफ केस कर दिया जाए या जो भी करना हो, किया जाए। मगर, मेरे माता-पिता को न छुआ जाए। एक अन्य पोस्ट में रोहिणी ने लिखा कि वह पहले चंद्रशेखर की दुश्मन नहीं थीं, लेकिन अब “जानी दुश्मन” बन चुकी हैं।

भारत लौटकर दूंगी जवाब
रोहिणी ने लिखा कि वह भारत लौटकर जवाब देंगी। उनके अनुसार, जब बात मां-बाप पर आती है, तो बच्चे हर सीमा लांघ सकते हैं, इसलिए अब वह पीछे हटने वाली नहीं हैं। बताते चलें कि डॉ. रोहिणी घावरी मूल रूप से इंदौर की हैं। उनकी मां बीमा अस्पताल में सफाईकर्मी के रूप में काम करती थीं।
स्विट्जरलैंड में की पढ़ाई
रोहिणी साल 2019 में उच्च शिक्षा के लिए स्विट्जरलैंड गई थीं। वहीं पढ़ाई के दौरान उनकी और चंद्रशेखर की जान-पहचान हुई। करीब तीन साल तक दोनों रिश्ते में रहे। बाद में रोहिणी ने चंद्रशेखर पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए। फिलहाल रोहिणी स्विट्जरलैंड में जॉब कर रही हैं और एक एनजीओ भी चला रही हैं।

पहले दी थी जहर खाने की धमकी
करीब दो महीने पहले रोहिणी ने ‘एक्स’ पर आत्महत्या की चेतावनी भरे कई पोस्ट किए थे। एक पोस्ट में उन्होंने चंद्रशेखर, उनकी पत्नी और बच्चे की फोटो शेयर कर लिखा था कि उनका जीवन बर्बाद कर खुशियां मनाई जा रही हैं। इसके बाद उन्होंने जहर खाने तक की बात कही थी।

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने प्रधानमंत्री और पीएमओ को टैग करते हुए लिखा था कि अगर उनकी मौत हो जाए, तो उनका शव भारत वापस न लाया जाए। किसी ने उनकी बात नहीं सुनी और सभी लोग “अपराधी” के साथ खड़े रहे।



































