BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां शादीशुदा वकील ने अपनी मुवक्किल महिला से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। महिला अपने पति से तलाक का केस लड़ रही थी और आरोपी वकील उसी केस की पैरवी कर रहा था। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।

सरकंडा क्षेत्र की रहने वाली 26 वर्षीय महिला ने बताया कि उसका पति उसके साथ मारपीट करता था। इस वजह से उसने तलाक के लिए अदालत में याचिका दायर की। 2025 में केस की पैरवी के लिए उसने सरकंडा के ललित बाड़ा में रहने वाले वकील पवन अवस्थी से संपर्क किया। वकील ने उसका केस लड़ा और बाद में महिला को तलाक मिल गया।

केस के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। वकील ने महिला से कहा कि उसका अपनी पत्नी से संबंध ठीक नहीं है और वह जल्द ही तलाक लेकर उससे शादी करेगा। इसी भरोसे में आकर महिला ने उस पर विश्वास किया।

शादी का झांसा देकर बनाया शारीरिक संबंध
महिला ने पुलिस को बताया कि वकील ने शादी का वादा करते हुए उससे शारीरिक संबंध बनाए। लेकिन समय बीतने के बाद भी जब उसने शादी की बात दोहराई, तो वकील टालमटोल करने लगा। बाद में उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया।
शादी का दबाव डालने पर की मारपीट
महिला ने यह भी बताया कि जब उसने वकील पर शादी करने का दबाव बनाया, तो उसने उसकी पिटाई की और मोबाइल तोड़ दिया। इस घटना के बाद महिला ने 2 नवंबर को सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने जांच के बाद वकील पवन अवस्थी के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट और धमकी देने का मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।




































