BILASPUR NEWS (KOTA). करगीरोड कोटा में 4 वर्षीय बच्चे के साथ लगातार मारपीट और प्रताड़ना का मामला सामने आया है। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की टीम से मिली सूचना पर कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है।

घटना कोटा नगर के वार्ड क्रमांक 01, राममंदिर चौक के पास की है, जहाँ कथित गोदनामा मां राजकुमारी भैना द्वारा मासूम बच्चे को गाली-गलौज, शारीरिक हिंसा और प्रताड़ना किए जाने की शिकायत मिली थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर एसडीओपी कोटा और एएसपी ग्रामीण के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी की टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने बच्चे की चोटों और हालात की प्राथमिक पुष्टि की, जिसके आधार पर महिला के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने आरोपी राजकुमारी भैना (34 वर्ष), निवासी पड़ावपारा, राममंदिर के पास को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पीड़ित बच्चे को उपचार, सुरक्षा और देखरेख के लिए संबंधित विभाग की मदद से सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मीना ठाकुर, म.आर. दीपिका लोनिया, आरक्षक दीप सिंह और प्रफुल्ल यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





































