DHAMTARI NEWS. छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची की SIR प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस ने आशंका जताई है। धमतरी दौरे पर पहुंचे कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा अगर मतदाताओं के नाम नाजायज़ तरीके से काटे गए तो कांग्रेस हर स्तर पर विरोध करेगी। पायलट ने बिहार का उदाहरण भी दिया जहाँ बड़ी संख्या में नाम काटे गए थे।

धमतरी में आज संविधान बचाओ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट बस्तर जाते वक्त पायलट ने धमतरी में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, दीपक बैज और चरणदास महंत सहित कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में पायलट ने SIR यानी स्पेशल इनटेंसिव रिविजन पर चिंता जताई।

उन्होंने कहा कि किसी भी तरह से मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। SIR प्रक्रिया में मजबूती से अपना पक्ष रखने कहा गया है। किसी भी नाजायज़ तरीक़े से नाम काटे जाएँगे तो कांग्रेस कार्यकर्ता BLO के साथ खड़ा रहेगा। हम नहीं चाहते कि कोई वंचित रह जाए। गरीब, आदिवासी, पिछड़े, किसान वर्ग के नाम काटे जाएंगे, तो ये लोकतंत्र के खिलाफ होगा। ऐसा ही मामला बिहार में आया था जहाँ बड़े पैमाने पर नाम काटे गए थे।

सचिन पायलट ने बताया कि SIR प्रक्रिया की निगरानी के लिए कांग्रेस ने जिला और ब्लॉक स्तर पर टीमें बना दी है और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया है कि वे BLO के साथ मिलकर घर–घर जाकर नामों की जांच करें। ताकि कोई भी गरीब, आदिवासी या किसान मताधिकार से वंचित न हो। पायलट ने कहा कि इस अभियान की शुरुआत बस्तर से इसलिए की जा रही है क्योंकि यह इलाका भौगोलिक रूप से पिछड़ा है और मतदाता जागरूकता यहाँ कम है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वोट देना एक मौलिक अधिकार है और इसे कोई भी छीन नहीं सकता। धमतरी में दिया गया पायलट का यह बयान आगामी चुनावों से पहले प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ सकता है और SIR प्रक्रिया को लेकर अब राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ना तय है। धमतरी में सचिन पायलट ने साफ कहा है कि—अगर SIR में किसी भी तरह की गड़बड़ी हुई तो कांग्रेस सड़क से लेकर प्रशासनिक स्तर तक संघर्ष करेगी। आगे क्या होगा, यह आने वाले दिनों में साफ होगा।




































