BHILAI NEWS. छत्तीसगढ़ की अग्रणी महिला संस्था ‘स्वयंसिद्धा – ए मिशन विद ए विजन’ का वार्षिक उत्सव ‘सोनहा बिहान’ इस वर्ष 23 नवंबर को रिसाली में आयोजित किया जाएगा। संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. सोनाली चक्रवर्ती ने बताया कि इस वर्ष का आयोजन विशेष होगा, क्योंकि 2025 में छत्तीसगढ़ राज्य रजत जयंती वर्ष मना रहा है और ‘वंदे मातरम’ की रचना को भी 150 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इन्हीं दो ऐतिहासिक अवसरों को थीम बनाकर पूरे आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई है।

इस उत्सव में संस्था के पांच समूह—अपराजिता, तेजस्विनी, विश्वरूपा, स्वस्तिका और जागृति—की सदस्याएं गीत, नृत्य और नाटक की प्रस्तुतियां देंगी। प्रतियोगिता के रूप में होने वाले इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में सर्वश्रेष्ठ समूह को ‘रनिंग शील्ड’ से सम्मानित किया जाएगा।

डॉ. चक्रवर्ती ने बताया कि इस बार कार्यक्रम की खासियत यह है कि इसमें 20 साल से लेकर 91 साल तक की महिलाएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। उन्होंने कहा, “‘सोनहा बिहान’ महिलाओं की एकता, आत्मविश्वास और सृजनशीलता का उत्सव है।”

संस्था की कार्यकारी समिति की बैठक में कार्यक्रम की सभी तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में अनीता चक्रवर्ती, रीता वैष्णव, देबजानी मजूमदार, राजश्री नायर, बिंदु नायक, वैशालिनी संतोष, राजकुमारी कनोजे, सरोज टहनगुरिया, सीमा कनोजे, गीता चौधरी और लक्ष्मी साहू उपस्थित रहीं।






































