BILASPUR NEWS. आम आदमी पार्टी नेता प्रियंका शुक्ला सहित साथियों को आज पुलिस ने एक पुराने प्रकरण में गिरफ्तार कर लिया है। आप नेताओं के खिलाफ सार्वजनिक कार्य में बाधा सहित बलवा का केस दर्ज था।

दरअसल, सितंबर 2024 में शहर के तारबाहर क्षेत्र में फिलिस्तीन का विवादित झंडा लगाने का मामला सामने आया था। पुलिस ने केस दर्ज कर कुछ युवकों को गिरफ्तार किया। इसके विरोध में आम आदमी पार्टी ने प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट के सामने सड़क जाम कर दिया। इससे आवागमन बाधित होने के साथ लोगों को परेशान होना पड़ा।

इस दौरान लोगों व पुलिस के साथ भी प्रदर्शनकारियों की झड़प हुई। मामले में नवीन कश्यप नाम के व्यक्ति ने थाने में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आप नेता प्रियंका शुक्ला सहित अन्य के खिलाफ सार्वजनिक कार्य में बाधा सहित बलवा का केस दर्ज किया।

इसी मामले में आज एक साल बाद सिविल लाइन पुलिस ने आम आदमी पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष प्रियंका शुक्ला सहित अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया। पुराने मामले में अचानक से गिरफ्तारी को लेकर आप नेता ने इसपर सवाल भी खड़े किया है। हालांकि, पुलिस जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रही है।

राजनीतिक प्रतिक्रियाएँ भी तेज
प्रियंका शुक्ला की गिरफ्तारी से राजनीतिक पारा भी चढ़ गया है। आम आदमी पार्टी के स्थानीय नेताओं ने इसे “राजनीतिक बदले की कार्रवाई” करार दिया है। उनका कहना है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन को लेकर एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी करना लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। दूसरी ओर, शिकायतकर्ता और समर्थक पक्ष का कहना है कि “कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी राजनीतिक पहचान से छूट नहीं मिल सकती।”




































