INDORE NEWS. इंदौर में इस बार ठंड समय से आई है और लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। पिछले कुछ सालों में अक्टूबर की शुरुआत में लोग पंखे-कूलर चलाते रहते थे, लेकिन इस बार तापमान में तेजी से गिरावट देखी जा रही है। 11 अक्टूबर को इंदौर का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
अक्टूबर 2015 के बाद पहली बार इंदौर में इतनी ठंड पड़ी है। शनिवार को तो पारा 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस मौसम में काफी कम है। देश के मैदानी इलाकों में इस वक्त इंदौर सबसे ठंडा शहर रहा। मध्य प्रदेश के बाकी शहरों में रात का तापमान इतनी तेजी से नहीं घटा।
इसलिए ठंड का अहसास ज्यादा
मौसम विभाग का कहना है कि मालवा क्षेत्र में आमतौर पर अक्टूबर में इतनी ठंड नहीं रहती। फिलहाल हिमालय में बर्फबारी हो रही है, जिससे ठंडी हवाएं मालवा सहित आसपास के इलाके तक पहुंच रही हैं। बादल छाए होने की वजह से धूप कम निकल रही है, जिससे ठंड अहसास ज्यादा हो रहा है।
20 अक्टूबर के बाद तापमान में बदलाव आने की उम्मीद है और रात का पारा थोड़ा बढ़ सकता है। इन दिनों शहरवासी गुलाबी ठंड के बजाय तेज ठंड का अनुभव कर रहे हैं। 16 अक्टूबर तक ठंड का असर काफी रहेगा। रविवार की रात भी पारा 15 डिग्री पर रहा।
इन जगहों पर हो सकती है बारिश
मध्य प्रदेश में मानसून की वापसी के साथ ही मौसम ठंडा हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक हल्की बारिश हो सकती है। इसमें सिवनी, मंडला, बालाघाट, अनूपपुर और डिंडौरी जिले भी शामिल हैं। वहीं, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम और ग्वालियर संभाग के शहरों में रातें ठंडी बनी रहेंगी। रविवार को भी पूर्वी मध्य प्रदेश में हल्की बारिश दर्ज की गई।
पंचमढ़ी से कम रहा भोपाल का तापमान
भोपाल का तापमान पंचमढ़ी से भी कम रहा। बीती रात भोपाल में तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम था। हिमाचल से आ रही सर्द हवाओं की वजह से प्रदेश में ठंडक आ गई है। पंचमढ़ी में भी न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में 20 दिन पहले ही हिमाचल की ठंडी हवाओं का असर शुरू हो गया है।