INDORE NEWS. होलकर साइंस कॉलेज में प्राचार्य के लेटरहेड के गलत इस्तेमाल का तीन हफ्तों में दूसरा मामला सामने आया है। इस बार बीएससी (फोरेंसिक साइंस) के एक छात्र पर आरोप है कि उसने प्राचार्य के नाम से फर्जी लेटरहेड बनाकर उपयोग किया।

छात्र ने मांग ली निजी जानकारी
छात्र ने प्राचार्य के नाम से फर्जी लेटरहेड लगाकर गूगल फॉर्म तैयार किया और उसे बाकी छात्रों के सोशल मीडिया ग्रुप में भेज दिया। इस फॉर्म में उनसे व्यक्तिगत जानकारी भरने को कहा गया था। साथ में लिखा था कि यह फॉर्म प्राचार्य के निर्देश पर भरना जरूरी है।

अनुशासन समिति करेगी फैसला
मामले की जानकारी मिलते ही प्राचार्य डॉ अनामिका जैन ने आरोपी छात्र को बुलाया। पूछताछ में छात्र ने साफ जवाब नहीं दिया और बोला कि वह कुछ छात्रों को ग्रुप से हटाना चाहता था। मामला तुरंत अनुशासन समिति को सौंप दिया गया। इस मामले में प्राचार्य अनामिका जैन ने बताया कि छात्र स्पष्ट रूप से सवालों के जवाब नहीं दिए हैं। छात्र के दिए जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर उसके खिलाफ थाने में शिकायत दी गई है। अब पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
अक्टूबर में भी दो छात्रों ने टेस्ट रुकवाने के लिए प्राचार्य के निधन की झूठी खबर फैलाई थी। उस समय दोनों छात्रों को अनुशासन समिति की सिफारिश पर निलंबित कर दिया गया था।

जागरूकता के लिए बनेगी खास टीम
लगातार ऐसी घटनाएं देखते हुए कॉलेज प्रशासन प्रोफेसरों और कुछ चुनिंदा छात्रों की टीम बनाएगा। टीम क्लास में जाकर सबको समझाएगी कि वे पढ़ाई, खेल, लाइब्रेरी और लैब में ध्यान दें। टीम चेतावनी भी देगी कि भविष्य में फर्जी लेटरहेड के इस्तेमाल पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



































