BILASPUR NEWS. बिलासपुर पहुंचे मध्यप्रदेश के नेता प्रतिपक्ष और केंद्रीय पर्यवेक्षक उमंग सिंघार ने छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। मीडिया से चर्चा में छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश की भाजपा सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि, यहां के मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ के नहीं बल्कि प्रधानमंत्री के असिस्टेंट लगते हैं। जनता से उनका कोई संवाद नहीं है।

इतना ही नहीं उमंग सिंघार ने कहा कि जैसे मध्यप्रदेश में पर्ची वाले मुख्यमंत्री हैं..वैसे ही यहां भी पर्ची वाले मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अमित शाह के लगातार दौरे मुख्यमंत्री को बचाने के लिए हैं या अडानी के खदानों के लिए। सिंघार ने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता नहीं… बल्कि बड़े उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है।

वहीं बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर कहा कि संपूर्ण व्यवस्था विदेशी कंपनियों के हाथों में है। आगे गाय को राज्यमाता का दर्जा देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम सब गौ माता को मानते हैं, लेकिन सरकार की दलील नहीं। गाय की सुरक्षा जरूरी है, सड़कों पर हादसों और कत्लखानों से गायों को बचाना ही असली काम है।

बता दें कि मध्यप्रदेश के नेता प्रतिपक्ष व केंद्रीय पर्यवेक्षक उमंग सिंघार छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि नई सोच के साथ आगे लड़ाई लड़ेंगे। जिन्हें चुनाव लड़ना है, उन्हें पहले पद छोड़ना पड़ेगा। चुनाव नहीं लड़ने वाला संगठन में काम करेगा। संगठन सृजन की यही क्राइटेरिया है।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान में शामिल होने बिलासपुर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि 2028 के चुनाव के लिए संगठन मजबूती के साथ खड़ा रहेगा। नया जोश, नया नेतृत्व, नई सोच जरूरी है। संगठन में नई पीढ़ी को अवसर दिया जाएगा।
