RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ IAS अधिकारियों के प्रभार में बदलाव किए हैं। यह आदेश नए मुख्य सचिव की नियुक्ति के तुरंत बाद जारी किए गए, जिससे राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में उल्लेखनीय बदलाव इस प्रकार हैं। रेणु पिल्लई को माध्यमिक शिक्षा मंडल की अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सुब्रत साहू को राजस्व मंडल का अध्यक्ष बनाया गया है। डॉ. रोहित यादव को सचिव, जनसंपर्क विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सूत्रों के मुताबिक, रेनु पिल्लई और सुब्रत साहू दोनों ही अधिकारी राज्य के नए मुख्य सचिव से वरिष्ठ हैं। ऐसे में यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि उन्हें मंत्रालय से बाहर भेजने का निर्णय इस वरिष्ठता के कारण लिया गया हो सकता है। हालांकि, इस पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।


विश्लेषकों का मानना है कि यह फेरबदल केवल प्रशासनिक संतुलन के तहत नहीं, बल्कि उच्च स्तरीय रणनीतिक समायोजन के तहत किया गया है। विभागीय कार्यों के पुनर्गठन और नेतृत्व की दृष्टि से यह निर्णय अहम माना जा रहा है।

सरकार द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, और भी कई आईएएस अधिकारियों को नए दायित्व सौंपे गए हैं। आने वाले दिनों में इन बदलावों का असर प्रशासनिक कार्यप्रणाली और नीति-निर्माण पर देखने को मिलेगा।



