RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बुधवार रात खराब हुए मौसम ने आसमान तक दहशत फैला दी। आकाशीय बिजली रायपुर एयरपोर्ट स्थित डॉप्लर वेरी हाई फ्रिक्वेंसी एयर (डीवीओआर) सिस्टम पर गिर गई। इस वजह से मशीन के कई फ्यूज जल गए। इसी मशीन से विमानों को लैंडिंग और टेकऑफ की अनुमति दी जाती है। मशीन खराब होने से पायलट और एटीसी के बीच संपर्क टूट गया। रात 8 बजे के बाद आने वाली दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और हैदराबाद की फ्लाइट को दूसरे शहरों में डायवर्ट करना पड़ा। चारों फ्लाइट में करीब 500 लोग सवार थे। किसी भी विमान को रात 8 से 10 बजे तक लैंडिंग की अनुमति नहीं दी गई।
इस वजह से रात 12 बजे तक यात्री परेशान होते रहे। रात 12 बजे तक डॉप्लर सिस्टम बहाल नहीं हो सका। डीवीओआर पर बिजली गिरने का पता लगते ही एयरपोर्ट के एटीसी में मौजूद अफसरों ने विमानों की लैंडिंग रोकी। बिना सिग्नल के पायलट विमानों को रनवे पर नहीं ला पा रहे थे। इस वजह से विमान के अंदर मौजूद यात्री भी घबरा गए। दिल्ली, हैदराबाद और कोलकाता फ्लाइट 20 से 30 मिनट तक हवा में चक्कर काटती रही। लेकिन लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली। एक-एक कर फ्लाइट को दूसरे शहरों के लिए डायवर्ट किया जाता रहा।
डॉप्लर मशीन खराब होने के बाद इंडिगो एयरलाइंस की रायपुर-हैदराबाद फ्लाइट (6ई7354) रात 9:12 हैदराबाद से रायपुर पहुंच गई। लेकिन लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली तो वापस हैदराबाद भेजा गया। इसके बाद इंडिगो की कोलकाता-रायपुर-कोलकाता फ्लाइट (6ई7216) रात 9:30 बजे पहुंची। उसे भी लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली। आधा घंटे हवा में चक्कर काटने के बाद उसे भुवनेश्वर जाना पड़ा। एटीआर विमान होने की वजह से एक-एक विमान में यात्रियों की संख्या 65 से 70 के आसपास थी।
दुर्ग और सरगुजा सांसद, पूर्व गृहमंत्री भी फंसे रहे
इंडिगो की दिल्ली-रायपुर-दिल्ली फ्लाइट (6ई5138) दिल्ली से रात 7:31 को उड़ान भरकर 9 बजे के आसपास रायपुर पहुंची थी। लेकिन इसे लैंडिंग की अनुमति नहीं दी गई। उसे भोपाल एयरपोर्ट ले जाया गया। इस विमान में करीब 170 यात्री और कैप्टन समेत 6 क्रू मेंबर सवार थे। इसमें दुर्ग लोकसभा के सांसद विजय बघेल, सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, पूर्व गृह मंत्री रामसेवक पैकरा और आईएएस सोनमणि बोरा भी शामिल थे। फ्लाइट में मौजूद कैप्टन संजय चौधरी ने यात्रियों से कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है। मौसम खराब होने से विमान को भोपाल ले जाया जा रहा है। अब ये फ्लाइट गुरुवार सुबह आएगी।
ये विमान रहीं प्रभावित
दिल्ली से रायपुर की फ्लाइट भोपाल डायवर्ट।
मुंबई से रायपुर की फ्लाइट को नागपुर भेजा।
कोलकाता से रायपुर फ्लाइट भुवनेश्वर डायवर्ट।
हैदराबाद से रायपुर फ्लाइट वापस हैदराबाद भेजी।
पुणे से रायपुर आई फ्लाइट को 25 मिनट हवा में रहना पड़ा।