RAJNANDGAON NEWS. राजनांदगांव शहर के मोहड़ वार्ड में रेत खनन और गोली कांड के मामले से जुड़े संजय सिंह की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस ने आज बसंतपुर थाने का घेराव किया। इस दौरान बड़ी संख्या में रैली निकालकर कांग्रेसी थाने पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए नारेबाजी करते नजर आए।
शहर के मोहड़ वार्ड में रेत माफियाओं द्वारा गोली चलाने के मामले को लेकर कांग्रेस ने मुख्य आरोपी संजय सिंह को गिरफ्तार करने की मांग की थी। उसकी जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर बसंतपुर थाने का घेराव करने अल्टीमेटम दिया था। आज बड़ी संख्या में कांग्रेसी नंदई चौक में एकत्रित हुए और यहां से रैली निकालकर मोहड़ वार्ड के ग्रामीणों के साथ थाने का घेराव किया ।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा पूर्व मंत्री धनेश पाटिला, मोहला मानपुर विधायक इंदर शाह मांडवी और डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल को आंदोलन के लिए जिम्मेदारी सौंप थी। बसंतपुर थाने का घेराव करने पहुंचे कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता थाना परिसर में ही जमीन पर बैठ गए । इस दौरान उन्होंने प्रदेश की विष्णु देव साय सरकार पर आरोपी को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की।
विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने कहा कि संजय सिंह मुख्य आरोपी है जिसे पुलिस अब तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। भाजपा सरकार आरोपी को बचाने संरक्षण दे रही है। वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा ने कहा कि मुख्य आरोपी संजय सिंह भारतीय जनता पार्टी से जुड़ा हुआ है, इसलिए उसे बचाने की कोशिश की जा रही है ।
इस मामले में सीएसपी पुष्पेंद्र नायक ने कहा के कांग्रेस पदाधिकारी को बताया गया है कि अब तक 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है । उनके वाहन और हथियार जप्त हुए हैं । वहीं आरोपियों की चल-अचल संपत्ति की जांच की जा रही है । शीघ्र ही फरार आरोपी की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया है।




































