RAIGARH NEWS. रायगढ़ पुलिस ने पूर्व विधायक के भाई की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा किया है। बता दें कि 7 जुलाई से लापता जयपाल सिंह सिदार की हत्या की गई थी। मामले में 3 आरोपी भी गिरफ्तार किए गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार अवैध संबंध जयपाल सिंह सिदार की मौत की वजह बना है।
जिले के SP दिव्यांग पटेल ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि जेल में बंद शिव साहू ने 1 लाख की सुपारी दी थी। जयपाल सिंह सिदार का शिव साहू की पत्नी से अवैध संबंध था। जयपाल सिंह सिदार की हत्या लैलूंगा में हुई थी। सिसरिंगा के जंगल में शव मिला था। पुलिस ने बताया कि शिव साहू ने पैरोल में बाहर आकर जयपाल सिंह सिदार की हत्या की साजिश रची थी।
बेटी को स्कूल छोड़ने के बाद हुए थे गायब
गौरतलब है कि लैलूंगा विधानसभा के पूर्व विधायक चक्रधर सिंह सिदार के छोटे भाई जयपाल सिंह सिदार 43 वर्ष लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम कटकलिया में ही निवास करते थे। बीते 7 जुलाई की सुबह अपनी बेटी को आत्मानंद स्कूल छोड़ने कार से गए थे। बेटी को स्कूल छोड़ने के बाद वे वापस नहीं लौटे। शाम तक वे घर नहीं पहुंचे तो परिजन उसकी पतासाजी करने लगे। उनका कुछ पता नहीं चलने पर इसकी सूचना 8 जुलाई को पुलिस को दी गई। लैलूंगा पुलिस ने गुम इंसान दर्ज कर जांच की।
बुधवार को सिसरिंगा घाटी के मंदिर के पीछे मिला शव
वहीं बुधवार को सिसरिंगा घाटी के मंदिर पीछे एक शव सड़ी गली अवस्था में मिला। इसकी शिनाख्ती पूर्व विधायक के लापता हुए भाई जयपाल सिंह सिदार के रूप में की गई। पुलिस के मौका मुआयना से यह खुलासा हुआ है कि मृतक के सिर का हिस्सा पूरी तरह से सड़ गया है। वहीं शरीर का अन्य हिस्सा सूख कर कपड़े से चिपक गया था। पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही थी।