BHILAI NEWS. भारतीय युवा कांग्रेस ने युवाओं पर भरोसा जताते हुए रितिक रंजन नायक को छत्तीसगढ़ प्रदेश कार्यकारिणी में सदस्य पद की अहम जिम्मेदारी सौंपी है। यह नियुक्ति प्रदेश की युवा राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखी जा रही है, क्योंकि इतने कम समय में किसी युवा ने इतनी बड़ी जिम्मेदारी हासिल की है।


बता दें, रितिक रंजन नायक पहले एनएसयूआई दुर्ग के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य के रूप में कार्य कर चुके हैं। उनकी संगठन के प्रति निष्ठा, कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उन्हें यह नवीन दायित्व सौंपा गया है। नियुक्ति की जानकारी मिलते ही नगर के वरिष्ठ नेता, समाजसेवी, युवा वर्ग और उनके मित्रों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी इस अवसर पर खुशी जाहिर करते हुए रितिक नायक के साथ संगठन को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।

रितिक नायक ने इस अवसर पर कहा संगठन मेरे लिए एक परिवार है और परिवार का हर सदस्य मेरे लिए महत्वपूर्ण है, चाहे वह किसी भी पद पर क्यों न हो। उन्होंने यह भी कहा कि वे संगठन की उम्मीदों पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे और सदैव युवाओं के हित के लिए समर्पित रहेंगे।


उन्होंने इस जिम्मेदारी के लिए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, प्रदेश महामंत्री जीतेंद्र साहू, भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब, सोशल मीडिया प्रमुख मनु जैन, प्रदेश प्रभारी उत्कर्ष गौर और प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा का आभार व्यक्त किया। रितिक नायक ने भरोसा दिलाया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे और प्रदेश में युवा कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में कार्य करेंगे।