BILASPUR NEWS. फार्मा कंपनी में मैनेजर पद पर कार्यरत एक युवक की फर्जी डिग्री का राज उसकी पत्नी ने तलाक के बाद खोल दिया। महिला ने पुलिस से शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि उसके पति ने उसकी मार्कशीट को स्कैन कर उसमें फेरबदल कर फर्जी डिग्री तैयार की और इसी के आधार पर नौकरी हासिल कर ली।
बता दें, मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक सरकण्डा क्षेत्र के राजकिशोर नगर निवासी शालिनी ने बी फार्मा किया है। उसकी शादी संकल्प तिवारी से हुई थी। शादी के कुछ साल बाद ही उनके बीच विवाद होने लगा। विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया था कि शालिनी ने अपने पति संकल्प तिवारी को तलाक दे दिया। इसी बीच संकल्प तिवारी ने दूसरी शादी कर ली। संकल्प एस्ट्रा जेनेका फार्मा कंपनी में नौकरी भी कर रहा है। महिला ने अपने पति के खिलाफ शिकायत की है। शिकायत में बताया कि उसके पति के पास फार्मा की डिग्री नहीं है। उसने फर्जी तरीके से फार्मा कंपनी ने जॉब हासिल किया है। बाद में पता चला कि उसके पति ने शालिनी के नाम के डिग्री को ही स्कैन करते हुए अपने नाम का बना लिया और उसी के आधार पर जॉब हासिल किया है।
शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला का कहना है कि जब दोनों के रिश्ते में खटास आई और तलाक की नौबत आई, तब उसे अपने पति की सच्चाई का पता चला। उसने बताया कि उसके पति के पास कोई वैध डिग्री नहीं थी, लेकिन उसने चालाकी से उसकी मार्कशीट का दुरुपयोग करते हुए खुद के नाम से नकली डॉक्युमेंट तैयार किए।
पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए दस्तावेजों की जांच कर रही है और संबंधित फार्मा कंपनी से भी जानकारी मांगी गई है। अगर आरोप सही पाए जाते हैं, तो आरोपी के खिलाफ फर्जीवाड़ा और धोखाधड़ी की धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला न केवल व्यक्तिगत विश्वासघात का उदाहरण है, बल्कि यह भी दिखाता है कि किस तरह फर्जी डिग्री के जरिए कुछ लोग जिम्मेदार पदों तक पहुंच जाते हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने कितने समय तक इस फर्जी डिग्री के दम पर नौकरी की और इससे कंपनी को कितना नुकसान हुआ।