BILASPUR NEWS. प्रेम-प्रसंग के बाद शारीरिक संबंध बनाकर धोखा देने के कई मामले प्रदेश में सामने आ रहे हैं। सिरगिट्टी क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की से दोस्ती कर उसे शादी का झांसा देकर रेप करने की शिकायत की गई है। इतना ही नहीं आरोपी शादीशुदा ड्राइवर पर मां ने बेटी को लव जिहाद में फंसाने का आरोप भी लगाया है। वहीं पुलिस ने जब आरोपी को गिरफ्तार किया तो पानी पीने के समय उसने बॉटल की ढक्कन निगल ली। जिससे उसकी हालत खराब होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बता दें, मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है। जहां पर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। इसमें बताया गया है कि 14 साल की नाबालिग लड़की से ड्राइवर युवक हार्दिक खान ने पहले दोस्ती की। शादीशुदा होने के बाद भी लड़की को शादी करने का झांसा दिया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। यह घटना 8 व 9 अप्रैल की है। लड़की अपने नानी के घर पर थी।
उसकी मां किसी काम से ओडिशा गई हुई थी। तभी आरोपी हार्दिक खान उसके घर पहुंचा और नाबालिग को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। दो दिन उसके नानी के घर पर रखकर उसके साथ रेप किया और फिर बाद में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद नाबालिग ने किसी से कुछ नहीं कहा।
जब उसकी मां 10 अप्रैल को वापस आयी तो उसे पूरी बात बताई। इसके बाद उसकी मां ने सिरगिट्टी थाने में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। जब आरोपी को इस बात की जानकारी हुई तो वह फरार हो गया। लेकिन पुलिस ने पाक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की।
आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी ने पकड़े जाने के बाद पानी पीते वक्त पानी के बॉटल का ढक्कन निगल लिया। पुलिस ने उसे हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया है।