DANTEWADA NEWS. बस्तर फाइटर्स और दंतेवाड़ा डीआरजी ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 45 लाख रुपये की इनामी महिला माओवादी, गुम्माडिवेली रेणुका उर्फ भानु उर्फ चैते उर्फ सरस्वती उर्फ दमयन्ती को मार गिराया। यह मुठभेड़ 30 मार्च 2025 को दंतेवाड़ा और बीजापुर के सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थित ग्राम नेलगोड़ा, इकेली, और बेलनार के जंगल पहाड़ी में हुई।
माओवादी संगठन सीपीआई (एम) की सदस्य रही इस महिला माओवादी पर छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 25 लाख रुपये और तेलंगाना शासन द्वारा 20 लाख रुपये का ईनाम घोषित था। मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम ने 1 इंसास राइफल, विस्फोटक सामग्री, लैपटॉप, नक्सल साहित्य और अन्य दैनिक उपयोगी सामग्री भी बरामद की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 31 मार्च 2025 को सुबह लगभग 9 बजे मुठभेड़ शुरू हुई, जो करीब दो घंटे तक चली। फायरिंग बंद होने के बाद पुलिस ने शव बरामद किया।
ये भी पढ़ेंःबिलासपुर रेलवे स्टेशन पर विजिलेंस का छापा, टिकट काउंटर की दो महिला कर्मचारी फंसी
महिला माओवादी की पहचान
पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुन्दरराज पी. ने बताया कि मारी गई महिला नक्सली का नाम गुम्माडिवेली रेणुका उर्फ भानु उर्फ चैते उर्फ सरस्वती उर्फ दमयन्ती था, जो प्रभात पत्रिका की सम्पादक और सेंट्रल रीजनल ब्यूरो (CRB) प्रेस टीम इंचार्ज थी।
रेणुका ने 1996 में नक्सल संगठन में भर्ती होकर आंध्र प्रदेश में SZCM कृष्ण अन्ना के साथ काम करना शुरू किया था। बाद में वह DVCM, CCM और फिर DKSZCM के पद पर पदोन्नत हुई।
नक्सल गतिविधियों में संलिप्तता
रेणुका ने नक्सल संगठन के लिए प्रेस विज्ञप्तियां जारी करने और कई नक्सली पत्रिकाओं का मुद्रण और प्रकाशन किया था। इसके अलावा, उसकी जानकारी के मुताबिक, उसका भाई जी वी के प्रसाद उर्फ सुखदेव उर्फ गुड़सा उसेंडी 2014 में तेलंगाना में सरेंडर कर चुका था।
बस्तर में नक्सल विरोधी अभियान की सफलता
पुलिस ने बस्तर रेंज में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान की सफलता के बारे में जानकारी दी। इस वर्ष 2025 के 92 दिनों में, सुरक्षा बलों ने अब तक 119 नक्सलियों के शव बरामद किए हैं।
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी. ने कहा कि पुलिस बलों ने शांति, सुरक्षा और विकास के लिए पूरी मेहनत से काम किया है, और माओवादी संगठन के खिलाफ कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने माओवादियों से अपील की कि वे हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में शामिल हो जाएं, अन्यथा उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।