BILASPUR NEWS. लोगों को संपत्ति से इतना ज्यादा मोह हो गया है कि रिश्तों को भी शर्मशार करते हुए मान-सम्मान को भूल जा रहे हैं। रतनपुर थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद का मामला सामने आया है। जहां पर छप्पर वाले घर के ऊपर चढ़कर जेठ ने बहू से मारपीट की है। पहले बहू की साड़ी खींची फिर डंडे से खूब पीटा। इस मामले का वीडियो भी वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि संपत्ति के विवाद के चलते दोनों परिवार में अनबन थी।
बता दें, मामला रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगी का है। जानकारी के मुताबिक पीड़िता डोंगी गांव में अपने ससुराल के पैतृक घर में रहती है। उसके घर के सामने ही उसके जेठ रतिराम व जेठानी रीता बाई भी उसी गांव में रहते है। इन दोनों परिवार के बीच काफी समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते परिवार में अनबन है। घटना 18 मार्च की बताई जा रही है।
घटना वाले दिन सुबह पीड़िता का जेठ व उसका लड़का उसके घर पहुंचे। जहां पर उनसे विवाद हुआ। इस दौरान जेठ व उसका बेटा पीड़िता को मकान छोड़ने के लिए कहते रहे तो पीड़िता ने भी मकान छोड़ने से इनकार किया और एक छप्पर भी नहीं छूने दूंगी कहा। इस बात को सुनते ही जेठ रतिराम गुस्से से आग-बबूला हो गया और उसने कुल्हाड़ी लेकर मकान के छप्पर के ऊपर चढ़कर तोड़-फोड़ शुरू कर दिया। इस दौरान पीड़िता उसे रोकने का प्रयास करती रही लेकिन रतिराम ने बहू की साड़ी खींची फिर उसे धक्का दे दिया। हाथ में रखे लाठी व डंडे से महिला की पिटाई कर दी।
महिला को पैर से दबा दिया। इस घटना को देखते हुए पीड़िता की बेटियों ने बीच-बचाव का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी तो उन्होंने पथराव कर अपनी मां को छुड़वाने का प्रयास किया। इसके बाद रतिराम ने छप्पर उठाकर बेटियों को मारा। जिससे वे भी घायल हो गई। इस घटना के दौरान घर पर पीड़िता व उसकी बेटियां बस घर पर थी उसका पति काम पर चला गया था।
विवाद की असली वजह
बताया जा रहा है कि इनका विवाद पहले से ही था लेकिन बीते 12 मार्च को पीड़िता व उसके पति ने पुलिस थाने में अपने जेठ रतिराम व उसकी पत्नी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया कि वह अपने पैतृक संपत्ति में रहती है। जिसे उसका जेठ व जेठानी अपना बताकर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। इसके लिए तहसील में भी आवेदन किया था।
इसके बाद जमीन की नापजोख करने के लिए पटवारी व उसके सहयोगी आए। सीमांकन के लिए नाप कर रहे थे तभी रतिराम व उसकी पत्नी वहां पहुंचे और पटवारी के साथ भी गाली-गलौज की और उन्हें मारने की धमकी देते हुए चप्पल से मारपीट की और धमकाया था।
इस घटना के बाद उनके खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद से ही उनका गुस्सा बढ़ा हुआ था और मौका पाकर मारपीट कर दिया। इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी जेठ व उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।