
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में गुरुवार को सुरक्षाबलों को मुठभेड़ में तीन महिला नक्सलियों को मार गिराने में सफलता मिलीं। पुलिस अधिकारियों ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि नारायणपुर और कांकेर जिले की सीमा पर अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने तीनों वर्दीधारी महिला नक्सलियों को मार गिराया है।केंद्र और राज्य सरकार ने संयुक्त रूप से छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिलों में नक्सलियों के खिलाफ मुहिम चला रखी है।


हाल ही में तीन दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री ने ऐलान किया है कि मार्च, 2026 तक छत्तीसगढ़ नक्सल मुक्त स्टेट बन जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नारायणपुर और कांकेर जिले की सीमा पर अबूझमाड़ क्षेत्र में माओवादियों की उपस्थिति की सूचना पर सुरक्षाबल के जवानों को गश्त पर रवाना किया गया था। सुरक्षाबलों के दल में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), एसटीएफ और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान शामिल थे।

घटनास्थल से तीन महिला नक्सलियों के शव बरामद
अधिकारियों ने बताया कि जब दल के जवान क्षेत्र में पहुंचे तब आज सुबह लगभग आठ बजे नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। बाद में जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि दोनों ओर से रूक—रूक कर गोलीबारी होती रही। सुरक्षाबलों ने अभी तक घटनास्थल से तीन महिला नक्सलियों के शव, हथियार और अन्य सामान बरामद किया है। राज्य के नक्सल प्रभावित जिलों में लगातार सुरक्षाबलों द्वारा ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं।