BILASPUR. फ्राड करने वाले गिरोह अलग-अलग बहाने से लोगों को मुनाफे का लालच देकर धोखाधड़ी की घटना को अंजाम दे रहे हैं। सकरी क्षेत्र के आसमा सिटी में रहने वाले इंजीनियर से क्रिप्टो करंसी से मुनाफे का लालच देकर 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है।

बता दें, मामला सकरी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक सकरी क्षेत्र के आसमा सिटी में रहने वाले आकाश डांगे उम्र 28 वर्ष इंजीनियर है। उन्हें व्हाट्सएप पर लिंक भेजकर टेलीग्राम के एक ग्रुप में जोड़ा गया। इस ग्रुप में एक टीचर था जो बाकि सदस्यों को क्रिप्टो करंसी ट्रेडिंग सिखाता था। साथ ही क्रिप्टो करंसी में रुपये निवेश करने के लिए कहता।

उसके कहने पर इंजीनियर ने पहले एक हजार रुपये निवेश किया। इसके बदले उन्हें 13 सौ रुपये दिए गए। बाद में उन्होंने तीन हजार रुपये लगाए तो 39 सौ रुपये दिए गए। उन्हें ये मुनाफा एक वेबसाइट पर बनाए एकाउंट में ही दिखाई दे रहा था। उनके बैंक अकाउंट में रुपये नहीं आए थे। इसके सच मानकर इंजीनियर ने 15 सौ रुपये और निवेश किए। इस बार उनका खाता फ्रीज बताने लगा।

अपने रुपये वापस पाने के लिए इंजीनियर ने ऑनलाइन पूछताछ की तो 39 हजार रुपये जमा करने के लिए कहा गया। साथ ही पूरी रकम एक साथ वापस होने की बात कही गई। रकम जमा करने के बाद जालसाजों ने इंजीनियर को अलग-अलग बहानों से रुपये जमा करने के लिए कहा। झांसे में आए इंजीनियर ने अलग-अलग कर 10 लाख 88 हजार रुपये जमा कर दिए। इसके बाद भी उनके रुपये वापस नहीं हुए। धोखाधड़ी की जानकारी होने पर इंजीनियर ने सकरी थाने में शिकायत की। शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।

कई गिरोह कर रहे काम
जालसाजों का कई गिरोह काम कर रहा है। बीते दिनों पुलिस ने 4 लोगों को ऑन लाइन फ्राड करने पर उत्तराखंड से गिरफ्तार किया था। जालसाजों का कई गिरोह है जो लोगों को ठगने का काम कर रहा है। क्रिप्टो करंसी व अन्य किसी तरह के लालच में न आए।




































