DESH VIDESH. लोकसभा चुनाव के दौरान इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा को विवादित बयान के कारण हटा दिया गया था लेकिन अब फिर से उनको बहाल कर एक बार फिर से कांग्रेस ने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस का अध्यक्ष चुना है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उन्हें तत्काल प्रभाव से जिम्मेदारी सौंपी है। इस बात के विषय में प्रधानमंत्री मोदी ने पहले ही कहा था कि अभी इन्हें हटा रहे हैं लेकिन कुछ दिन बाद बहाल कर जिम्मेदारी सौंप दी जाएगी।
बता दें, लोकसभा चुनाव के दौरान सैम पित्रोदा ने विवादि बयान दिया था। उन्होंने दक्षिण भारतीय लोगों की तुलना अफ्रीकी और पूर्वोत्तर भारतीय लोगों की तुलना चीन के लोगों से की थी।
इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा था कि पश्चिमी भारत के लोग अरब के जैसे दिखाई देते है। इस तरह के विवादित बयान के बाद काफी हंगामा हुआ तब उन्हें इंडियन ओवरसीज कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटा दिया गया था।
विरासत टैक्स की सलाह भी दी थी सैम ने
चुनाव के दौरान सैम पित्रोदा के बयान से लोगों ने काफी हंगामा मचाया था। उन्होंने न सिर्फ भारत के लोगों की तुलना अलग-अलग देशों से की थी बल्कि उन्होंने विरासत टैक्स की सलाह भी देते हुए अमेरिका का उदाहरण दिया था। इसमें कहा था कि 55 प्रतिशत सरकार और 45 प्रतिशत को हस्तांतरित करने की बात कहीं थी। इस पर भारत में लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी। तब कांग्रेस को मजबूरन उन्हें पद से हटाना पड़ा था।
ये बात कहीं थी मोदी ने
लोकसभा चुनाव के दौरान अचानक से सैम पित्रोदा का विरासत टैक्स व भारतीयों की तुलना देशों के साथ करने पर बवाल हुआ। तब सैम पित्रोदा को पद से हटाने की खबर आने पर मोदी ने कहा था कि ये बस कुछ दिनों के लिए है। चुनाव के बाद इन्हें फिर से ये पद सौंप दिया जाएगा।