NARAYANPUR. नक्सल प्रभावित जिले नारायणपुर से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर आ रही हैं। पुलिस के साथ मुठभेड़ में 4 वर्दीधारी नक्सली ढेर कर दिए गए हैं। वहीं इस मुठभेड़ ने डीआरजी के तीन जवान भी घायल हुए हैं। फिलहाल सभी की स्थिति खतरे से बाहर है।
राज्य सरकार एक तरफ जहां प्रदेश से नक्सलियों के सफाए के लिए काम कर रही है। वहीं नक्सलियों का आतंक खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन नक्सली ग्रामीणों व जवानों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश में रहते हैं।
इसी बीच खबर आ रही है कि एक बार फिर आज नारायणपुर में नक्सली और जवानों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में जवानों को बड़ी सफलता मिली है। जवानों ने 4 नक्सलियों को ढेर कर दिया है। इस खबर की पुष्टि नारायणपुर एसपी ने की है।
मिली जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ मुगेड़ी और गोबेल के जंगल में हुई है। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ काफी देर तक रुक रुक कर हुई है। जिसमें चार नक्सली ढेर हो गए हैं। जबकि कई नक्सलियों के घायल होने की खबर है। बताया जा रहा है कि ITBP, DRG और बस्तर बटालियन के जवानों ने संयुक्त कार्रवाई की है। वहीं इस मुठभेड़ में तीन डीआरजी के जवान भी घायल हुए हैं।
आपको बता दें कि बीते दिन भी नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के कैंप में हमला किया था। दरअसल, इराकभट्टी में जवानों ने कैंप लगाए हुए थे। इस दौरान नक्सली उनके कैंप को ध्वस्त करने की कोशिश की। लेकिन जब जवाब में जवानों ने कार्रवाई की तो नक्सली वहां से भाग निकले। हालांकि इस दौरान जवानों को किसी प्रकार की नुकसान नहीं पहुंचा।